मंदिर जा रही महिला को 5 युवकों ने पीटा, बेहोश हुई तो पड़ोसी के सामने किया गैंगरेप

पाली। पाली शहर के मामा नाडी इलाके में दिनदहाड़े मंदिर पर नारियल चढ़ाने जा रही महिला को पांच शराबी युवकों ने बंधक बना लिया। मारपीट की। इसके बाद इनमें से दो युवकों ने महिला के साथ आए पड़ोसी के सामने ही बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घटना 26 मई को दोपहर की है। जब तापमान 42 डिग्री था। भीषण गर्मी में सुनसान जगह पर खेत की तपती धरती पर आरोपी जितेंद्र व महेंद्र बंजारा पीडि़ता से दुष्कर्म करते रहे। पीडि़ता ने आरोपियों से मिन्नतें की, लेकिन चंद कदम दूरी पर खड़े आरोपी दिनेश, गोविंद व संजय अपने चंगुल में फंसे युवक से और ज्यादा मारपीट करते रहे। महिला की आबरू से खेल रहे आरोपी ठहाके लगाते रहे। पीडि़ता बेहोश होकर निढाल हो गई तो भी आरोपी दरिंदगी करते रहे।  युवक को दबोच मारपीट करने वाले तीनों आरोपियों को जब पता चला कि पीडि़ता सच में बेहोश है तो वे घबरा गए। इसके बाद उन्होंने युवक को मारपीट कर धमकाया कि यदि उसने या पीडि़ता ने इस घटनाक्रम के बारे में किसी को बताया तो वे वीडियो नेट पर डाल देंगे और उसे जान से मार देंगे।
डरा सहमा युवक किसी तरह बदहवास हालत में पीडि़ता को उठाकर बाइक पर बैठ रवाना हुआ तो आरोपियों ने बाइक से 2 किमी तक उनका पीछा किया और उसे धमकाते रहे। रेलवे पटरी पार कर युवक नया गांव के निकट एक प्राइवेट अस्पताल तक पहुंचा तो पीछा कर रहे आरोपियों के डर से उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इससे बेहोशी की हालत में पीडि़ता बाइक से गिर गई। मौके पर लोग जमा हुए तो पांचों आरोपी वहां से बाइक लेकर भाग गए। महिला घटना के बाद से सहमी रही। पति मजूदरी पर गया हुआ था। रविवार रात लौटा तो मामला दर्ज कराया तब पुलिस ने साक्षर पीडि़ता के पर्चा बयान पर रिपोर्ट लिखकर दर्ज की। एसपी आनंद शर्मा ने एएसपी जयपाल यादव व सीओ सिटी नारायणदान के निर्देशन में औद्योगिक थाना प्रभारी किशोरसिंह भाटी के नेतृत्व में टीमें आरोपियों की धरपकड़ में रात को ही रवाना की। पुलिस ने रात को ही आरोपी जितेंद्र, महेंद्र, दिनेश व गोविंद बंजारा को उनके घर में सोते हुए दबोच दिया। पांचवें आरोपी संजय बंजारा को सोमवार दिन में सुभाष नगर से गिरफ्तार कर लिया। घटना 26 मई की है, जिसके बारे में किसी को बताने पर आरोपियों ने पीडि़ता व उसके पड़ोसी को धमकाया कि वे वीडियो व फोटो वायरल कर देंगे। इसके चलते 8 दिन तक पीडि़ता सदमे में रही और 2 जून की शाम पति के मजदूरी से लौटने पर पीडि़ता ने घटनाक्रम बताया। इसके बाद पड़ोसी व पीडि़ता को लेकर पति औद्योगिक थाने पहुंचा। आरोपी जितेंद्र बंजारा, गोविंद व दिनेश बंजारा पाली के नया गांव इलाके के भाटों का बास में रहते हैं, जबकि आरोपी महेंद्र व संजय बंजारा सुभाष नगर के भटवाड़ा बस्ती में रहते हैं। यह पांचों आरोपी 20 से 24 साल की उम्र के हैं, जो शहर की फैक्ट्रियों में मजदूरी करते हैं। 26 मई को रविवार के दिन सभी ने मजदूरी से छुट्टी रख ली और दोपहर में शराब पार्टी करने मामाजी की नाडी के निकट रेलवे पटरी के पास जमा हुए थे। शराब पीने के दौरान महिला व युवक को बाइक पर सुनसान जगह अकेला जाते हुए देख उनकी नीयत खराब हो गई और इनके पीछे पड़ गए।  पीडि़त युवक ने बताया कि घटना वाले दिन पीडि़ता व उसके साथ आए युवक से मारपीट कर आरोपियों ने उनका वीडियो बनाया। मारपीट कर उनसे बुलवाया कि वे गलत इरादे से मामाजी की नाडी की ओर जा रहे थे। घटना के बाद आरोपी दिनेश बंजारा व अन्य आरोपी पीडि़त युवक को फोन कर वीडियो वायरल करने की धमकियां दे रहे थे। आरोपी दिनेश ने युवक को कहा कि 5 हजार रुपए, एक बीयर की पेटी के साथ मीट की पार्टी की मांग की।

Leave a Reply