मच्छरों के खिलाफ पुलिस में तहरीर, बोला- साहेब बचा लीजिए

कानपुर के घाटमपुर में पुलिस के सामने एक अजीबोगरीब शिकायत आई है. भीतरगांव के ग्रामीणों ने मच्छरों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है. ग्रामीणों का आरोप है कि दोपहर होते ही मच्छरों की फौज जीना हराम कर देती है. मौका मिलते ही मच्छर काटकर भाग जाते हैं. बता दें कि बिरहर पुलिस चौकी के नाम दी गई एक तहरीर स्थानीय सोशल मीडिया में वायरल हो रही है. अजीबोगरीब मामला सामने आने के बाद पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग को कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.

गांव में फैली बीमारी

गांव वालों के मुताबिक, मच्छरों के काटने से उनके शरीर पर चकत्ते तक पड़ गए हैं. वहीं, बच्‍चे बीमारी की जद में आ रहे हैं. गांव के कई लोग तेज बुखार से पीड़ि‍त हैं. कई बार स्वास्थ्य विभाग से शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई. ऐसे में ग्रामीणों ने अब पुलिस में शिकायत दर्ज करने के लिए प्रार्थनापत्र दिया है. मच्छरों के खिलाफ पुलिस से की गई शिकायत व्यंग्य और हास्यास्पद जरूर प्रतीत होती है, लेकिन इसमें स्वास्थ्य विभाग के लिए संदेश छिपा है.

…तो पुलिस करे कार्रवाई

स्वास्थ्य विभाग ने भी अजीबोगरीब तर्क दिया है. भीतरगांव सीएचसी के अधीक्षक डॉ. अजय मौर्या का कहना है कि मच्छरों की शिकायत पुलिस से की गई है, तो पुलिस कार्रवाई करे. अगर सीएचसी आकर कोई शिकायत दर्ज कराएगा, तो मच्छरों से निपटने के लिये प्रबंध किए जाएंगे. फिलहाल मच्छरों के खिलाफ पुलिस में दी गई तहरीर इलाके में चर्चा का केंद्र बनी हुई है.
 

Leave a Reply