मप्र के बाद किसानों पर केंद्र मेहरबान

भोपाल । मध्य प्रदेश के बाद केंद्र सरकार किसानों पर मेहरबान है। केंद्र सरकार 25 दिसंबर को किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत 7वीं किश्त की राशि ट्रांसफर करेगी। प्रदेश के किसानों के खाते में 2-2 हजार रुपए आएंगे। इसके लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती का दिन तय किया गया है।
दो दिन पहले ही 18 दिसंबर को शिवराज सरकार ने प्रदेश के 35 लाख से अधिक किसानों के खाते में 1600 करोड़ रुपए फसल राहत राशि ट्रांसफर की थी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों से संवाद किया था। बता दें कि किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को केंद्र सरकार सालाना 6 हजार और राज्य सरकार 4 हजार रुपए दे रही है।
भाजपा कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पीएम किसान सम्मान निधि की 7वीं किश्त 18 हजार करोड़ रुपए मध्य प्रदेश सहित देश के 9 करोड़ किसान परिवारों के खाते में ट्रांसफर की जाएगी। 25 दिसंबर को होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12 बजे किसानों को संबोधित करेंगे। इस आयोजन की तैयारी स्वयं प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की देखरेख में हो रही है।
रविवार को प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने इस आयोजन की तैयारियों को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों की एक बैठक ली। इसके अलावा वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए जिला अध्यक्षों से बात की। इस आयोजन के तहत प्रदेश कार्यालय और हर जिले में किसानों को आमंत्रित किया जाएगा। सभी मंत्री, सांसद, विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधियों तथा संगठन के पदाधिकारियों को इस कार्यक्रम में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
