मरने के चार घंटे बाद फिर जीवित हो गई महिला, बेटे के हाथों खाया दलिया

जालंधर। जालंधर में एक अजीबोगरीब वाकया सामने आया है। 86 साल की महिला की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन महिला मरने के चार घंटे बाद फिर से जिंदा हो गई। महिला ने जीवित होने के बाद न सिर्फ आंखें खाेल लीं, बल्कि अपने बेटे से मिलने और दलिया खाने की इच्छा भी जताई।
दरअसल कैंट के पूर्व पार्षद हरविंदर सिंह पप्पू की माता प्रीतम कौर पिछले कुछ समय से बीमार थीं। उन्हें उपचार के लिए टैगोर अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। हरविंदर सिंह पप्पू के मुताबिक अस्तपाल प्रबंधन ने सुबह नौ बजे उनकी माता को मृत घोषित किया था। इसकी सूचना उन्होंने घर दे दी। इसके बाद से अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गईं। वहीं वे खुद अस्तपाल का हिसाब करने के लिए फाइल तैयार करवाने लगे थे। माता के निधन की खबर फैलते ही सांत्वना देने वालों का तांता लगना भी शुरू हो गया। यहां तक कि शाम चार बजे अंतिम संस्कार करना भी निश्चित कर लिया गया। इसे परमात्मा का करिश्मा कहें या फिर अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही दोपहर एक बजे के करीब उनकी माता ने फिर से हरकत शुरू कर दी।
इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत वेंटिलेटर पर डाल दिया। इसके बाद उनकी मां ने उनसे मिलने और खिचड़ी खाने की इच्छा जताई। मां के जीवित होने की सूचना घर पहुंची तो सभी उनसे मिलने पहुंच गए। माता के पुनर्जीवित होने की खबर सुनिश्चित होते ही घर में लगे टैंट व दरियां उठा ली गईं। उधर, मृत घोषित होने के बाद पुन: जीवित होने की खबर सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गई।
हमने मृत नहीं, हालत गंभीर होने की बात कही थी: डॉ. महाजन
टैगोर अस्पताल के चेयरमैन डॉ. विजय महाजन ने कहा कि अस्पताल की तरफ से प्रीतम कौर के निधन की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी। हालांकि, स्थिति गंभीर होने के हवाला देकर उन्हें यहां से लेकर जाने को जरूर कहा गया था। उन्होंने दावा किया कि परिजन महिला को वापस घर ले गए थे।
