मरियम को मिलकर खत्‍म कर देना चाहते हैं पीएम इमरान, आईएसआई और पाक सेना : नवाज शरीफ  

इस्‍लामाबाद । पाकिस्‍तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने एक बार फिर पाकिस्‍तानी सेना, खुफिया एजेंसी आईएसआई और प्रधानमंत्री इमरान खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नवाज शरीफ ने एक वीडियो मेसेज जारी कर कहा कि पाक सेना ने उनकी बेटी मरियम नवाज शरीफ को खत्म करने की धमकी दी है। शहीफ ने कहा कि अगर मरियम को कुछ हुआ तो उसके लिए इमरान खान, सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा, आईएसआई चीफ जनरल फैज हमीद और जनरल इरफान मलिक जिम्मेदार होंगे। 
पूर्व पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि पाकिस्‍तानी सेना ने प्रधानमंत्री के रूप में इमरान खान को थोपकर देश को तबाही और बर्बादी की ओर ढकेल दिया। उन्होंने कहा कि सीनेट के चुनाव के बाद इमरान खान को दोबारा बहुमत हासिल करने में सेना ने किस तरह मदद की, यह किसी से छिपा नहीं है? उन्‍होंने कहा इतना करने के बाद भी पाकिस्‍तानी सेना कहती है कि राजनीति से उसका कोई लेना-देना नहीं है।
पीएमएल एन नेता नवाज शरीफ ने कहा कि पाक सेना ने देश के लोकतंत्र को पांव तले कुचला। वह इतनी गिर गई है कि उसने मरियम नवाज के होटेल के कमरे का रात के समय दरवाजा तोड़ा। अब मरियम को धमकी दी जा रही है कि वह अगर राजनीति से पीछे नहीं हटीं तो उन्हें खत्‍म कर दिया जाएगा। उन्‍होंने कहा मरियम वोट को इज्‍जत देने की जंग लड़ रही हैं और उनकी हिफाजत अल्‍लाह करेगा। नवाज शरीफ ने चेतावनी दी कि अगर मरियम नवाज शरीफ को कुछ हुआ तो इसके लिए इमरान खान के अलावा पाकिस्‍तानी सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा, आईएसआई चीफ जनरल फैज हमीद और जनरल इरफान मलिक जिम्‍मेदार होंगे। उन्‍होंने कहा कि जो कुछ आपने किया है और करते जा रहे हैं, यह संगीन जुर्म है और इसका बहुत जल्‍द हिसाब देना होगा।
उल्लेखनीय है कि मरियम नवाज और उनके पिता नवाज शरीफ दोनों ने पाकिस्‍तानी सेना और इमरान खान के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। मरियम हाल के दिनों में विपक्षी एकता का केंद्र बन गई हैं, जिसके बाद पाक सरकार उनके प्रति आक्रामक हो गई है। मरियम ने पिछले दिनों कश्मीर और सियाचिन में मिली हार को लेकर भी पाकिस्तानी सेना की जमकर बखिया उधेड़ी थी। उन्‍होंने कहा था कि सेना ने संविधान को तोड़ने, सियाचिन और कश्मीर को खोने, राजनीति में हस्तक्षेप करने की शपथ का उल्लंघन करते हुए कई गंभीर अपराध किए है। उन लोगों को आज तक इसके लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया गया। 
 

Leave a Reply