महाराष्ट्र के गृह मंत्री पद से हटाए जाएंगे अनिल देशमुख? जानें एनसीपी ने क्या कहा

मुंबई. सचिन वाजे मामले में उद्धव ठाकरे सरकार पर सवाल उठने लगे हैं. कानून व्‍यवस्‍था को लेकर राज्‍य की सियासत गरमाने लगी है. इस बीच, राज्‍य के गृह मंत्री अनिल देशमुख का विकल्‍प तलाशने संबंधी खबरें चल रही हैं. जिस पर महाराष्‍ट्र एनसीपी के अध्‍यक्ष जयंत पाटिल ने बड़ा बयान दिया है.

दरअसल, एनसीपी के बयान ने उन खबरों पर विराम लगा दिया है जिसमें कहा जा रहा था कि महाराष्‍ट्र में शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस का गठबंधन गृह मंत्री अनिल देशमुख को हटाने पर विचार कर रहा है. एनसीपी प्रमुख शरद पवार के साथ बैठक के बाद सोमवार को जयंत पाटिल ने कहा कि अनिल देशमुख हमारे गृह मंत्री हैं और वह आगे भी बने रहेंगे.

देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव सरकार पर साधा निशाना

बता दें कि वाजे की गिरफ्तार के बाद राज्य में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्य सरकार पर निशाने साधना शुरू कर दिया है. पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सरकार पर वाजे को बचाने और सस्पेंड होने के बाद बहाल करने के आरोप लगाए हैं. मुंबई के एक प्रसिद्ध बंगले के पास विस्फोटक मिलने के मामले में वाजे से पूछताछ की गई थी. पुलिस अधिकारी पर मामले में शामिल होने का आरोप है.
रविवार को देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'एपीआई सचिन वाजे को हाईकोर्ट ने 16 साल पहले सस्पेंड किया था. जब मैं मुख्यमंत्री था, तो शिवसेना नेताओं ने उसे बहाल करने की मांग की थी.' पूर्व सीएम ने वाजे की बहाली को लेकर सरकार पर आरोप लगाए हैं. पूर्व सीएम ने कहा, 'नई सरकार ने उन्हें कोविड का बहाना देकर वापस बुला लिया. उन्हें क्राइम इंटेलीजेंस यूनिट का प्रमुख बनाया गया और कई बड़े मामले दिए गए.'
 

Leave a Reply