महाराष्ट्र चुनाव: सीट बंटवारे को लेकर पेच फंसा, इतनी सीटें मांग रही शिवसेना

मुंबई: महाराष्ट्र में अगले महीने विधानसभा चुनाव (Maharashtra Assembly elections 2019) होने हैं और अब तक शिवसेना और बीजेपी (Shiv Sena- BJP) के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे का ऐलान लटका हुआ है. सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना ने बीजेपी के सामने चुनाव पूर्व गठबंधन को लेकर फिफ्टी- फिफ्टी फॉर्मूला की शर्त दोहरा दी है. शिवसेना 135 सीटों से कम पर मानने को तैयार नहीं है. हालांकि बीजेपी, शिवसेना के लिए 124 सीटों की पेशकश लेकर नए फार्मूले के साथ सामने आई है लेकिन गठबंधन को लेकर अभी तक बात नहीं बन पाई है.
उधर, उद्धव ठाकरे ने पार्टी नेताओं से सूबे में अकेले चुनाव लड़ने की स्थिति में कमर कसने की तैयारी का आदेश देकर गठबंधन को लेकर असमंजस की स्थिति को और हवा दे दी है. शिवसेना ने नागपुर सीट समेत प्रदेश की सभी सीटों पर इच्छुक उम्मीदवारों के सेलेक्शन की प्रक्रिया भी खामोशी से शुरू कर दी है. सूबे में अक्टूबर में चुनाव होने जा रहा है.
शिवसेना अध्यक्ष का कहना है, "हम गिनती बाद में करेंगें कितने उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया गया लेकिन हर सीट पर पार्टी में चुनाव लड़ने के इच्छुक आगे आ रहे हैं और एक राजनीतिक पार्टी होने के नाते हम इस प्रक्रिया को पूरा कर रहे हैं. पार्टी की विचारधारा को आगे बढाना हमारा ध्येय है."
