महाराष्ट्र पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा टली, 11 अप्रैल को होनी थी आयोजित

नई दिल्ली. महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते प्रकोप की वजह से महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग ने राज्य सिविल सेवा परीक्षा-2021 को टाल दिया है. यह परीक्षा 11 अप्रैल को होने वाली थी. सरकार ने यह फैसला राज्य में हर 60 हजार से अधिक कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने की वजह से लिया है. यह फैसला गुरुवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक बैठक में लिया. बैठक वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आयोजित की गई थी.
इस वर्चुअल मीटिंग में तय हुआ कि छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर राज्य सरकार को राज्य सिविल सेवा परीक्षा स्थगित कर देना चाहिए. परीक्षा की नई तिथि आयोग जल्द ही घोषित करेगा. एमपीएससी की इस परीक्षा के जरिए 200 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. परीक्षा स्थगित कराने की मांग के साथ पिछले कई दिन से अभ्यर्थी अभियान चला रहे थे. इसी क्रम में उन्होंने परीक्षा रद्द कराने को लेकर ट्विटर पर ट्रेंड भी चलाया था.
राज्य में लागू हैं कड़े प्रतिबंध
कोरोना महामारी के कारण महाराष्ट्र में कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं. राज्य में शनिवार और रविवार को सख्त लॉकडाउन रहेगा. कोरोना के कारण ही राज्य में पहली से आठवीं, नौंवी व 11वीं के छात्रों को परीक्षा नहीं देनी होगी और उन्हें अगली कक्षा के लिए बिना परीक्षा दिए प्रोमोट कर दिया गया. खबर के मुताबिक, इस फैसले की घोषणा महाराष्ट्र की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने की थी.
