महाराष्ट्र में कांग्रेस को लगेगा झटका? ये नेता छोड़ सकता है पार्टी

हर्षवर्धन पाटिल ने अपने समर्थकों को आश्वस्त किया है कि वह किसी तरह का राजनीतिक फैसला लेने से पहले उनकी भावनाओं पर भी गौर करेंगे. अगर सूत्रों पर विश्वास किया जाए तो पाटिल जल्द ही बीजेपी के पाले में जा सकते हैं.
    कांग्रेस के पूर्व मंत्री हर्षवर्धन पाटिल बीजेपी में हो सकते हैं शामिलहर्षवर्धन पाटिल एनसीपी के साथ कांग्रेस के गठबंधन से नाराज

महाराष्ट्र में कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में वहां के राजनीतिक घटनाक्रम में लगातार उतार-चढ़ाव दिख रहा है. राज्य की सत्ता में वापसी की कोशिशों में जुटी कांग्रेस को फिर बड़ा झटका लग सकता है. कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री हर्षवर्धन पाटिल जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो सकते हैं.

माना जा रहा है कि हर्षवर्धन पाटिल अपनी पार्टी से नाराज नहीं हैं, लेकिन उनकी नाराजगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के साथ गठबंधन को लेकर है. पाटिल ने एनसीपी को निशाने पर लेते हुए बुधवार को इंदापुर में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए प्रशंसकों से पूछा कि उनका अगला कदम क्या होना चाहिए, जिस पर समर्थकों ने कहा, बीजेपी.

हर्षवर्धन पाटिल ने अपने समर्थकों को आश्वस्त किया कि वह किसी तरह का राजनीतिक फैसला लेने से पहले उनकी भावनाओं पर भी गौर करेंगे. अगर सूत्रों पर विश्वास किया जाए तो पाटिल जल्द ही बीजेपी के पाले में जा सकते हैं. हालांकि पाटिल का पार्टी बदलने का कयास तभी से लगने लग गया जब उन्होंने अपनी किताब का विमोचन करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को निमंत्रित किया था.

4 बार रहे विधायक

पाटिल पुणे जिले के इंदापुर विधानसभा सीट से 4 बार विधायक रहे हैं. 1995 से हर सरकार में मंत्री के रूप में काम करने का रिकॉर्ड है. 1995, 1999 और 2004 में वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतने में कामयाब रहे थे, जबकि 2009 में वह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े. 1995 में उन्होंने शिवसेना-बीजेपी की गठबंधन सरकार का समर्थन किया और राज्य में मंत्री बने.
पाटिल हमेशा एनसीपी के खिलाफ रहे हैं. 2014 के चुनाव में जब कांग्रेस और एनसीपी में गठबंधन टूटा तो वह एनसीपी उम्मीदवार दत्ता भराने से चुनाव हार गए, लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में पाटिल ने शरद पवार के साथ आए और सुप्रिया सुले का समर्थन किया था.

सूत्र बताते हैं कि पाटिल अगले हफ्ते बीजेपी के साथ जुड़ने का ऐलान कर सकते हैं. पाटिल से पहले लोकसभा चुनाव के दौरान राधाकृष्ण विखे पाटिल ने अहमदनगर संसदीय सीट एनसीपी को दिए जाने के विरोध में कांग्रेस छोड़ बीजेपी का दामन थाम लिया था.

 

Leave a Reply