महिंद्रा की धाकड़ एसयूवी, ग्रेनेड भी इस पर फेल

नई दिल्ली । महिंद्रा को रफ-एंड टफ या कहें धांसू लुक वाली पावरफुल एसयूवी बनाने के लिए जाना जाता है। इन्हीं में से एक है धाकड़ एसयूवी महिंद्रा मार्क्समैन, जिसे हाल ही में नई दिल्ली एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ के बेड़े में शामिल किया गया है। यह ऑफ-रोड एसयूवी कई शानदार खूबियों से लैस है। महिंद्रा मार्क्समैन को साल 2009 में पेश किया गया था। साल 2010 में सबसे पहले इसे मुंबई पुलिस के बेड़े में शामिल किया गया। इसके बाद देश और विदेश की विभिन्न एजेंसियों ने इस खास एसयूवी की सेवा ली। मार्क्समैन 6 सीटर एसयूवी है। इसे काफी हद तक पॉप्युलर एसयूवी स्कॉर्पियो के प्लैटफॉर्म पर बनाया गया है। मार्क्समैन बुलेट प्रूफ एसयूवी है। यह इसमें सवार लोगों को एके -47 से भी खतरनाक राइफल के हमले से सुरक्षित रखने में सक्षम है। इस एसयूवी पर आग और ग्रेनेट अटैक का भी असर नहीं पड़ता। इस ऑफ-रोड एसयूवी की लंबाई 4,390एमएम, चौड़ाई 1,863एमएम और ऊंचाई 2,030 एमएम है। लंबाई के मामले में हांलाकि यह स्कॉर्पियो से छोटी है। इस धांसू एसयूवी का वजन 2,600 किलोग्राम है। महिंद्रा मार्क्समैन दो डीजल इंजन ऑप्शन में उपलब्ध है। इसमें एक 120एचपी पावर वाला 2।2-लीटर और दूसरा 115एचपी पावर वाला 2।6-लीटर डीजल इंजन है। दोनों इंजन 5-स्पीड मैन्युअल ट्रांसमिशन से लैस हैं। यह एसयूवी 4 वील ड्राइव ऑप्शन में आती है।
