मां ने कबाड़ समझ कूड़े में फेंका बेटे का लैपटॉप, हुआ तीन हजार करोड़ का नुकसान

नई दिल्ली। कई बार हम कुछ पुरानी चीजें कबाड़ समझकर फेंक देते हैं, लेकिन कई बार ऐसा करने पर लेने के देने भी पड़ जाते हैं। सोशल मीडिया साइट रेडिट पर एक शख्स ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा राज खोला तो लोग हैरान रह गए। उसने बताया कि उसकी मां ने अनजाने में तीन हजार करोड़ का नुकसान कर दिया।
डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक शख्स ने बताया कि साल 2010 में जब वो कॉलेज में था, तब उसके दोस्तों ने जिद कर के उसे 6 हजार रुपयों में 10 हजार बिटकॉइन दिलवाए थे। उसने कॉलेज पास कर लिया और अपनी नौकरी में लग गया। इस बीच शख्स भूल ही गया कि उसने कभी क्रिप्टोकरेंसी की खरीद की थी। पिछले कुछ सालों में जब उसने सुना कि क्रिप्टोकरेंसी की मार्केट बढ़ रही है, तब उसे अपने खरीदे हुए बिटकॉइन का ध्यान आया। दरअसल बिटकॉइन एक वर्चुअल मुद्रा है, जिसकी शुरुआत साल 2009 में हुई थी। यह एक किस्म की क्रिप्टोकरेंसी है, जो बेहद कम कीमत से शुरू हुई थी, मगर आज एक बिटकॉइन की कीमत लाखों में है।
कितने रुपयों का हुआ नुकसान
शख्स ने अपने पोस्ट में बताया कि जब वो अपने घर पर पहुंचा तो उसने अपने पुराने लैपटॉप को खोजने की कोशिश की, जिसमें उन 10 हजार बिटकॉइन की सारी डीटेल्स थीं। मगर वो लैपटॉप उसे कहीं नहीं मिला। तब उसने अपनी मां से पूछा तो उन्होंने बताया कि लैपटॉप खराब था, इसलिए उन्होंने उसे कबाड़ में फेंक दिया था। ये सुनते ही युवक की पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने आज के समय के हिसाब से अंदाजा लगाया तो उसे 300 मिलियन पाउंड यानी करीब 3000 करोड़ रुपयों का नुकसान हो चुका था। उसे मां पर गुस्सा भी आया मगर वो कुछ कर नहीं सका। शख्स की मानें तो इसकी वजह से वह लंबे वक्त तक डिप्रेशन में रहा। इस पोस्ट पर कमेंट कर लोग हैरानी भी जता रहे हैं, जबकि बहुत से लोगों को शख्स की बात पर यकीन नहीं है। उन्हें लग रहा है कि ये झूठी कहानी है, पर शख्स ने कमेंट कर बार-बार ये कहा है कि वो सच कह रहा है। अब सच्चाई तो वो ही जानें, मगर ऐसे में पुरानी चीजों को लेकर सावधान जरूर हो सकते हैं।
