मानसिक तनाव से गुजर रहे लोगों के लिए मुंबई में हेल्पलाइन सेवा शुरू

मुंबई। मुंबई में मानसिक तनाव के मामले बढ़ रहे हैं. सामाजिक और आर्थिक स्थिति बिगड़ने से लोगों पर दबाव बनता नज़र आ रहा है. इसकी वजह से निराशा, हताशा, उदासी, पूरा समय स्ट्रेस में रहने की प्रवृत्ति देखी जा रही है. इसके अलावा अकेलेपन औऱ अन्य वजहों से लोगों में आत्महत्या की प्रवृत्ति बढ़ रही है. खासकर कोरोना काल में लोग भारी तनाव से गुजर रहे हैं. इस बात को ध्यान में रखते हुए मुंबई महानगरपालिका ने आईकॉल' हेल्पलाइन सेवा शुरू की है. मनपा के अतिरिक्त आयुक्त सुरेश ककानी ने कहा कि हेल्पलाइन के जरिये लोगों की काउंसिलिंग के साथ उनकी आर्थिक स्थिति जानने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आईसीयू और आईसोलेशन वाले कुल 16,500 से अधिक कोरोना संक्रमित मरीज़ों को लाभ पहुंचाते हुए वॉर्ड में इनके लिए स्मार्ट फ़ोन और टैबलेट के इंतज़ाम हुए ताकि ये अपनों से वीडियो कॉल या बात कर अकेला महसूस ना करें. बताया जा रहा है कि, कोविड बीमारी के दौरान मरीज काफी मानसिक दबाव महसूस करता है, जिससे उसमें सुधार देरी से होता है, या फिर तबियत और बिगड़ती है. मानसिक तनाव से इम्यूनिटी कम होती है, लोगों में कोविड का ख़तरा बढ़ता है इसलिए मनपा ने अब टीआईएसएस के साथ मिलकर ‘आईकॉल' हेल्पलाइन भी जारी की है ताकि लोगों की काउंसिलिंग हो सके. एम वार्ड से हेल्पलाइन की शुरुआत हुई है. फिर पूरे शहर में हेल्पलाइन शुरू की जाएगी. इस हेल्पलाइन के माध्यम से हम इस एक इलाक़े के क़रीब 60 हजार घरों तक पहुंचेंगे. उनका जीवन कैसा है, हालत कैसी है, मानसिक स्थिति कैसी है, उनकी आर्थिक परिस्थिति कैसी है इसका आकलन किया जाएगा, साथ ही शासन और प्रशासन की कल्याणकारी योजनाओं को भी उनके पास पहुंचाने का प्रयास रहेगा.

Leave a Reply