मुंबई मनपा स्कूली छात्रों को देगी मास्क, होंगे २० करोड़ खर्च

मुंबई। मुंबई महानगरपालिका इस कोरोना के संकटकाल में छात्रों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है। इसलिए मुंबई में आगामी १५ जनवरी को स्कूल खुलने पर छात्र जब स्कूल पहुंचेंगे तो मनपा उन्हें उच्च दर्जे वाला कपड़े का मास्क देगी। अच्छे कपड़े से बने और धोने योग्य मास्क से बच्चों को कोरोना से दूर रखने में मदद मिलेगी। कोरोना से बचाव में एहतियातन छात्रों को यह मास्क वितरित किए जाएंगे।इसके लिए मनपा प्रशासन ने मनपा स्कूलों में २ लाख ९६ हजार छात्रों के लिए २० करोड़ रुपए खर्च कर ७५ लाख मास्क खरीदने का फैसला किया है। गौरतलब हो कि
मुंबई में अब कोरोना नियंत्रित हो चुका है। धीरे-धीरे अनलॉक होने के साथ ही मुंबई में स्थितियां अब सामान्य हो रही हैं और इस बात को ध्यान में रखते हुए आगामी १५ जनवरी के बाद मुंबई में स्कूल शुरू होंगे। शिक्षा विभाग के एक अधिकारी के अनुसार मनपा किसी भी कीमत पर छात्रों के स्वास्थ्य से समझौता नहीं करेगी। स्कूल शुरू होने के बाद छात्रों की सुरक्षा के लिए उचित उपाय किए जाएंगे। फेस मास्क लगाने के अलावा, सोशल डिस्टेंसिंग, सेनेटाइजर लगाना आदि नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। अधिकारी ने कहा कि ये बताना मुश्किल है कि कोरोना कब तक रहेगा इसलिए अगले दो वर्षों को ध्यान में रखकर मास्क खरीदने का फैसला लिया गया है। ७५ लाख मास्क खरीदने के लिए प्रशासन ने टेंडर जारी किया है। इसपर २० करोड़ रूपये खर्च होने का अनुमान है।
– गरीब परिवार से हैं छात्र
इस संदर्भ में मनपा के शिक्षा विभाग के एक अधिकारी का कहना है कि मनपा स्कूलों में छात्र गरीब परिवारों से हैं। कोरोना ने उनकी आर्थिक स्थिति गड़बड़ा दी है। ऐसे में मनपा ने छात्रों को मास्क वितरित करने का फैसला किया है, ताकि स्कूल शुरू होने पर छात्रों को मास्क उपलब्ध हो सके।
