मुंबई में कोरोना से हालात बेहद खराब, ऑक्सीजन, दवाएं और बेड के लिए जद्दोजहद

मुंबई। मुंबई में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के कारण स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है. अब मुंबई में कोरोना मरीजों को विभिन्न संकट से गुजरना पड़ रहा है. दरअसल मुंबई में बेतहाशा बढ़ते कोरोना के मामलों के बीच अस्पतालों में ऑक्सीजन, दवाएं और बेड की उपलब्धता खत्म हो रही है. मरीजों को बेड और ऑक्सीजन के लिए भटकना पड़ रहा है. इससे हालात और खराब हो गए हैं.
मुंबई के दहिसर इलाके के एक व्यक्ति को अपनी पत्नी को अस्पताल में भर्ती करवाने के लिए परेशान होना पड़ रहा है. ऐसा इसलिए है, क्योंकि वहां आईसीयू बेड उपलब्ध नहीं हैं. परिजनों ने जानकारी दी है कि उन्हें फोन पर अस्पताल की ओर से कहा गया था कि वहां बेड उपलब्ध हैं. लेकिन यहां उन्हें बेड उपलब्ध नहीं हो रहा है. वहीं, दूसरी ओर कोरोना मरीजों को अस्पताल में बेड उपलब्ध ना होने के कारण एंबुलेंस में ही बैठकर ऑक्सीजन लेनी पड़ रही है. लेकिन जल्द ही उनकी ऑक्सीजन खत्म होने के बाद दूसरा सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहा है.
