मुंबई में 65 साल में सिर्फ तीन बार सितंबर में हुई इतनी बारिश

मुंबई। इस साल मुंबई में बारिश नए रेकॉर्ड बना रही है. सितंबर महीना बीतने में अभी १५ दिन बचा है लेकिन अब तक सिर्फ सितंबर महीने में 852 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है. आंकड़ों पर नजर डालें तो सितंबर महीने में यह तीसरी बार है, जब इतनी अधिक बारिश हुई है. मौसम विभाग से बारिश को लेकर मिले आंकड़ों के अनुसार, सितंबर महीने में इसके पहले 1993 में 904.6 एमएम, जबकि उसके पहले 1954 में 920 एमएम बारिश हुई थी. मौसम विभाग पश्चिम भारत के उपमहानिदेशक के.एस.होसालिकर कहते हैं कि बारिश के केवल एक अच्छे स्पेल से सितंबर महीने में अब तक हुई सबसे अधिक बारिश का रेकॉर्ड टूट सकता है. रेकॉर्ड तोड़ने के लिए मुंबई को तकरीबन 70 एमएम और बारिश की जरूरत है. मौसम जानकारों के अनुसार, इस साल मॉनसून काफी ऐक्टिव रहा. भले ही मुंबई में मॉनसून देरी से पहुंचा, लेकिन जुलाई, अगस्त और सितंबर में बारिश के अच्छे स्पेल रहे. बताया गया है कि सांताक्रुज में जून से लेकर अब तक 3400 एमएम से अधिक बारिश हो चुकी है, जो पिछले एक दशक में सबसे अधिक है. मौसम का पूर्वानुमान करने वाली निजी संस्था स्काइमेट के प्रमुख महेश पलावत ने कहा कि भारी बारिश की फिलहाल कम संभावना है, लेकिन रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है. 

Leave a Reply