मुख्यमंत्री चौहान ने स्मार्ट उद्यान में लगाया पिंकेशिया और पीपल का पौधा

भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने स्मार्ट उद्यान में पिंकेशिया और पीपल का पौधा लगाया। मुख्यमंत्री श्री चौहान अपने संकल्प के क्रम में प्रतिदिन पौध-रोपण करते हैं। पिंक केसिया का पर्यावरण तथा सुन्दर फूलों के कारण महत्व है। मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ स्मार्ट सिटी पार्क में वृक्षारोपण करने वाले पर्यावरण प्रेमी संस्था आवृत्ति समिति के पदाधिकारियों श्रीमती समता पाठक, श्रीमती नीलम तिवारी और सुश्री रफत सिद्दीकी शामिल थीं। इस अवसर पर राज्य सामान्य निर्धन वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री शिव चौबे भी उपस्थित थे। संस्था की तरफ से मुख्यमंत्री श्री चौहान और श्रीमती साधना सिंह चौहान के लिए तैयार कलाकृतियाँ भी भेंट की गई।

आवृत्ति समिति गत 10 वर्ष से पर्यावरण और स्वच्छता के क्षेत्र के साथ ही महिलाओं, बच्चों विशेषकर समाज में वंचित और कमज़ोर वर्ग के उत्थान के लिए  कार्य कर रही है।  संस्था ने पिछले दस सालों में महिला सशक्तिकरण, बाल अधिकार, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य, पर्यावरण-संरक्षण आदि अलग-अलग मुद्दों पर अपेक्षाकृत स्थाई अप्रोच के लिए प्रतिबद्ध हो कर कार्य किया है। संस्था गत 5 वर्ष से ’’नीड बेस्ड सस्टेनेबल अप्रोच‘‘ उद्देश्य के साथ उल्लेखनीय कार्य कर रही है। आवृत्ति संस्था नवाचार कर राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत हुई है। संस्था सतत् संवाद को मुख्य आधार और प्रभावी और उपयोगी माध्यम मानते हुए व्यवहार परिवर्तन के लिए नागरिकों से संवाद और परिचर्चा संबंधी कार्यक्रम आयोजित करती है।संस्था पर्यावरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रही है। संस्था ने अभी तक कई क्षेत्रों को साफ़ कर उन्हें सुंदर बनाने के साथ वहाँ ऐसे वृक्षों और औषधीय पौधों को रोपित किया है जो वहाँ के रहवासियों के लिए अच्छी और स्वच्छ हवा के कारक बनेंगे और साथ ही उनके सेवन से कई रोगों से बचाव कर पाएँगे।

संस्था रोशनी स्व-सहायता समूह भी संचालित करती है, जिसमें महिलाएँ कुल्हड़, दोना-पत्तल बैंक, कपड़े की कतरनों से पोटली, बैग, मास्क बनाकर भोपाल, विदिशा और अन्य निकायों में पर्यावरण को सहेजेने के कार्य कर रही हैं।

Leave a Reply