मुजफ्फरपुर कांड / ब्रजेश पर 11 लड़कियों की हत्या का आरोप, सीबीआई ने कहा- शेल्टर होम से हडि्डयों का बंडल मिला था

सीबीआई ने बिहार के मुजफ्फरपुर शेल्टर होम केस में आरोपियों को बचाने के आरोप को नकारते हुए अपनी सफाई सुप्रीम कोर्ट में पेश की। सीबीआई ने शुक्रवार को पेश 30 पेज के हलफनामे में कहा कि ब्रजेश ठाकुर पर 11 लड़कियाें की हत्या के आरोप की जांच चल रही है। जल्द ही पूरक आरोप पत्र दायर किया जाएगा। शेल्टर होम से हडि्डयों का एक बंडल मिला था, उसकी फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आना बाकी है।
चीफ जस्टिस रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली बेंच ने अब इस मामले में याचिकाकर्ता से जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए। याचिकाकर्ता निवेदिता झा ने सीबीआई पर आराेपियाें काे बचाने का आरोप लगाया था। उनकी दलील थी कि सीबीआई ने न तो आरोपियों पर हत्या जैसे अपराध की धाराएं दर्ज की हैं और न ही इसमें शामिल बाहर के लोगों पर कार्रवाई की। सुप्रीम कोर्ट ने इस पर सीबीआई से जवाब मांगा था। पटना सीबीआई एसपी देवेंद्र सिंह ने हलफनामा दायर किया है।
टीस की रिपोर्ट में हुआ था खुलासा
यह मामला मुजफ्फरपुर शेल्टर होम में 34 लड़कियों से दुष्कर्म होने से जुड़ा है। टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ सोशल साइंसेस की बिहार के समाज कल्याण विभाग को भेजी गई एक ऑडिट रिपोर्ट में लड़कियों से ज्यादती होने का खुलासा हुआ था। यह शेल्टर होम बृजेश ठाकुर चलाता था, जो पूर्व समाज कल्याण मंत्री मंजू के पति चंद्रशेखर का दोस्त है। पिछले साल 31 मई को ठाकुर समेत 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इस मामले के खुलासे के बाद मंजू ने बिहार की कैबिनेट से इस्तीफा दिया था।
