मुनिसंघ के सानिध्य में पंच कल्याणक के प्रमुख पात्रों का हुआ चयन

भोपाल । आचार्य विद्यासागर महाराज के आशीर्वाद एवं मुनि अजित सागर महाराज, ससंघ के सानिध्य में अंहिसा विहार जैन मंदिर में पंच कल्याक महोत्सव का आयोजन होना है। पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के प्रमुख पात्रों का चयन हुआ। जिसमें भगवान के माता-पिता बनने का सौभाग्य संतोष सुषमा जैन एवं धन्नालाल, कल्पना जैन (सौधर्म इन्द्र-इन्द्राणी), संदीप, तृप्ति जैन (कुबेर इन्द्र इन्द्राणी), महेन्द्र जैन (महायज्ञ नायक), शुभम चंदेरी (भरत चक्रवर्ती), पुष्पेन्द्र जैन (बाहुबली), विनीत जैन (राजा श्रेयांश), श्रीमती उषा चंदेरी (राजा सोमप्रभ), सुनील जैन (इशान इन्द्र) अन्य प्रमुख इन्द्रो में अनिल जैन, पदमचंद जैन आदि प्रमुख है।
प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि पात्र चयन के उपरांत अहिंसा विहार महिला मंडल की महिलाओं द्वारा मुनिसंघ के करकमलों में शास्त्र भेंट किये गये। विभिन्न मंदिर समितियों के पदाधिकारियों ने मुनिसंघ को श्रीफल समर्पित कर आशीर्वाद लिया। धर्मसभा में ब्रम्हचारी विनय, सुमत, अविनाश भैया प्रमुख रूप से मौजूद थे। इसके बाद धर्म सभा में मुनिश्री अजित सागर महाराज ने कहा कि पद, पंख साफ कर उड़ती है मक्खी बस हमको भी यदि उड़ना है तो परिग्रह के भार को कम करना होगा। सफाई हर क्षेत्र में आवश्यक है। घर दुकान राह की सफाई बहुत की परंतु अंतरंग की स्वच्छता परिग्रह त्याग से होती है। दान, पूजा के माध्यम से पुण्य का पुरूषार्थ करते रहना चाहिये, मन की निर्मलता, क्षमा, त्याग के माध्यम से आती है। पाप रूपी परिग्रह को त्याग कर रत्नाक्रय के साथ जो साधना करता है वही पंच कल्याणक अनुष्ठान में सौधर्म इन्द्र, कुबेर आदि प्रमुख इन्द्र बन पाता है। जिन महिमा दर्शन भी सम्यक दर्शन का कारण है। ऐलक विवेकानंद सागर महाराज ने कहा कि जिस पुरूषार्थ को पुण्य योग नहीं मिलता वह कभी सफल नहीं हो पाता और जिस पुण्य को धर्म का योग नहीं मिलता वह कभी उत्तम नहीं बनता। जुगुनू तभी चमकता है जब वह उड़ता है। त्याग से मोक्ष दान सग स्वर्ग मिलता है, मोक्ष से दुर्गति होती है।
भगवान महावीर जन्मोत्सव के अवसर पर कल सोमवार को भजन संध्या मानस भवन में
पंचायत कमेटी ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी अंशुल जैन ने बताया कि जैन धर्म के चौबीसवें तीर्थंकर भगवान महावीर जन्मोत्सव के पूर्व राजधानी में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। इसी श्रृंखला में कल 08 अपैल सोमवार को सायंकाल 7 बजे मानस भवन श्यामला हिल्स पर भक्ति संगीत से ओतप्रोत भजन संध्या का आयोजन किया गया है जिसमें राष्ट्रीय पुरूस्कार प्राप्त दिव्यांग कलाकार दिव्याता जैन एवं सुरताल ग्रुप भोपाल की विशेष प्रस्तुति होगी।
