मेडिकल कॉलेजों में 960 पीजी की सीटें बढ़ेंगी

जयपुर । प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने की दृष्टि से 6 मेडिकल कॉलेजों में 960 पीजी की सीटों की वृद्धि की जाएगी। इन सीटों के लिए केंद्र प्रायोजित योजना के तहत 1 हजार 96 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बताया कि जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, कोटा एवं बीकानेर के मेडिकल कॉलेजों को ये सीटें आवंटित की गई हैं। उन्होंने बताया कि इससे एमडी एवं एमएस करने के इच्छुक डॉक्टर्स को लाभ मिलेगा। चिकित्सा मंत्री ने बताया कि अब तक प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में 1178 पीजी की सीटें थी। मेडिकल कॉलेजों में अब 960 पीजी की सीटों की वृद्धि होने से प्रदेश के दूर-दराज के क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को पूरा किया जा सकेगा। साथ ही प्रदेश में खुल रहे नये मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी की कमी को पूरा किया जा सकेगा। डॉ. शर्मा ने दीपावली के अवसर पर आई मेडिकल कॉलेजों की पीजी की सीटों की स्वीकृति के लिए प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है।
