मोदी की ठग नीति जनता के सामने आई :-कमलनाथ

भोपाल । मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की सोच में खोट है। वह देश की जनता को सिर्फ ठगने का काम करती है। मोदी की ठग नीति सामने आ गई है। कांग्रेस पार्टी की सोच सर्वहितैषी है। जनता से जो कहती वह करती है। मुख्यमंत्री कमल नाथ आज विंध्य क्षेत्र के चुनावी दौरे के दूसरे चरण में सीधी लोकसभा क्षेत्र के हिनौती गाँव में चुनावी सभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि भाजपा की सोच छोटी है। उसने देश और लोगों का हित कभी चाहा ही नहीं। उन्होंने कुर्सी पाने के लिए देश में बंटवारे की राजनीति कर लोगों के बीच नफरत फैलाने का काम किया। नाथ ने कहा कि 2 करोड़ नौकरी देने का वादा मोदी जी ने किया था। क्या किसी युवा को नौकरी मिली? मुझे आज तक एक व्यक्ति नहीं मिला जिसने कहा हो कि उसे नौकरी मिली है। श्री नाथ ने कहा कि ठगने का यह काम भाजपा करती है। मोदी के पाँच साल में उनकी ठग नीति सामने आ गई है।
मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि देश की रक्षा सुरक्षा की बात प्रधानमंत्री करते हैं लेकिन इसका जवाब नहीं देते कि आज तक देश किसके राज में सुरक्षित रहा। नेहरू जी से लेकर इंदिरा गांधी राजीव गांधी डॉ. मनमोहन सिंह के राज में देश न केवल पूरी तरह सुरक्षित रहा बल्कि अर्थव्यवस्था से लेकर हर स्तर पर राष्ट्र मजबूत हुआ। आज जो चहुँमुखी तरक्की का जो जाल दिखता है वह कांग्रेस राज की ही देन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सिर्फ दिन गिने उसे दिन दूनी रात चौगनी प्रगति की तस्वीर देखने को मिलेगी। जो वचन चुनाव के पहले प्रदेश के किसानों, नौजवानों, कमजोर वर्गों और इस जनता को हमने दिया है उसे पूरा करने के लिए हम प्रतिबद्ध है।
