मोदी-योगी नहीं श्रमिक और नौजवान कर रहे तपस्या: प्रियंका गांधी

महोबा । उप्र के बुन्देलखण्ड क्षेत्र में कांग्रेस को एक बार फिर से खड़ा करने के लिए पार्टी महासचिव एवं उप्र प्रभारी प्रियंका गांधी महोबा पहुंची। यहां आयोजित प्रतिज्ञा रैली को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आठ हजार करोड़ के जहाज पर प्रधानमंत्री जी घूमते हैं लेकिन किसानों की प्रतिदन की आय नहीं बढ़ा सकते हैं, किसानों का कर्ज नहीं माफ कर सकते हैं। योगी जी और मोदी जी तपस्या नहीं कर रहे, वो तो बड़े बड़े जहाजों में घूम रहे हैं। यहां पर देश का श्रमिक और नौजवान कर रहा तपस्या कर रहा है।
महोबा के छत्रसाल स्टेडियम में कांग्रेस ने प्रतिज्ञा रैली में अपने सम्बोधन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केन्द्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने सूबे में कांग्रेस की सरकार बनने पर पूर्व में किए गए अपने वादों को एक-एक करके गिनाया। उन्होंने उप्र की कानून-व्यवस्था और किसानों की दशा पर भी सवाल उठाये। प्रियंका गांधी ने घोषणा करते हुए कहा कि बुंदेलखंड के लिए कांग्रेस सरकार बनने के बाद स्थायी बुंदेलखंड विकास बोर्ड बनायेंगें जिसकी बजट यहाँ से बने जिसकी कमान बुंदेलखंड के लोगों के हाथों में हो, हम चाहते हैं कि सरकार आपके द्वार आये,यहां के विकास के लिए सचिवालय बनें। मंडियों के लिए नीति बने मंडियों का सही उपयोग हो इसकी नीति बनायेंगें, बेरोजगारी दूर करने के लिए मनरेगा को और मजबूत बनायेंगें, यहां के नये उद्योग के लिए नीति बनायेंगें, भाजपा ने यहां खनन नीति और जलस्रोतों को बर्बाद कर दिया,हम खनन नीति में स्थानीय लोगों कों प्राथमिकता देंगें, पर्यटन के लिए अलग सांस्कृतिक बोर्ड बनेगा।
रैली को सम्बोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि पहले संत-महात्माओं के चरणों में बैठकर राजा महाराजा उनसे ज्ञान लिया करते थे लेकिन आज उनके कंधे पर हाथ रखा जा रहा है, ये संत महात्माओं का अपमान है। विरोधी दल के नेता संत महात्मा से ऊपर उठ गए हैं, ये हमारी भारतीय परंपरा का अपमान है। योगी आदित्यनाथ को मोदी कुछ नहीं समझते है और तभी कंधे में हाथ रखे दिखाई देते हैं। अभी तक जाति के आधार वोट पड़े थे और उनके मुख्यमंत्री बने थे, एक समय आया धर्म के नाम पर वोट पड़े और उनके नेता मुख्यमंत्री बने। अब सब लोग चर्चा कर रहे हैं कि हमने जाति और धर्म के नाम पर वोट दिया लेकिन हमको मिला क्या। यही कारण है कि कांग्रेस की प्रतिज्ञा लेकर आपके बीच आई हैं कि किसानों को 2500 रुपये क्विंटल में धान खरीदेंगे और चार सौ में गन्ना खरीदेंगे। लड़की हूं लड़ सकती हूं, इस नारे के साथ महिलाओं और लड़कियों के लिए वादे किए हैं।
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रियंका गांधी बदलाव की आंधी हैं, यह लोगों की आवाज है और विश्वास और भरोसा है। उन्होंने कहा कि आज बुंदेलखंड के लोगों को जरूरत है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की, क्योंकि वह जानते हैं कि वो जो वादा करेंगे वो निभाएंगे। बुंदेलखंड की आवाज और पीड़ा को राहुल गांधी ने सुना था और यूपीए की पूर्ववर्ती केंद्र की सरकार ने बुंदेलखंड के लिए दस हजार करोड़ बुंदेलखंड को दिया। आज यहां सड़कें दिख रही हैं, वो यूपीए की सरकार में किया गया विकास बयां कर रही है।

Leave a Reply