मोबाईल स्टोर कर्मचारियो ने लाखो के फोन बेचकर हडप ली रकम

भोपाल। राजधानी के पिपलानी थाना इलाके में मोबाइल स्टोर में काम करने वाले तीन कर्मचारियों द्वारा लाखों के मोबाइल बेचकर हड़प लिए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने तीन साल में चार लाख से अधिक के मोबाइल बिना रसीद के बेच दिये जिसकी भनक स्टोर मालिक को नहीं लगी। बाद मे आरोपियों के फर्जीवाड़े का खुलासा ऑडिट मे हुआ था, जिसके बाद स्टोर संचालिका ने इसकी शिकायत थाने में कर दी। मिली जानकारी के मुताबिक 30 वर्षीय वर्षा सिंह पति संजय सिंह ने शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि उनका भेल जुबली गेट के सामने मोबाइल जंक्शन के नाम से मोबाइल स्टोर है। उनकी दुकान में अरविंद, आदित्य और नितेश नाम के युवक काम करते थे। तीनों कर्मचारियों ने साल 2017 से 2019 के बीच 35 महंगे मोबाइल बिना रसीद के बेच दिए, जिनकी कीमत सवा चार लाख रुपए थी। बाद मे ऑडिट होने पर कर्मचारियों की करतूत का खुलासा हुआ। इसके बाद स्टोर संचालिका ने इसकी शिकायत थाने में की थी, मामले में पुलिस ने तीनो आरोपियो के खिलाफ अमानत मे ख्यानत का प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि तीसरा आरोपी कर्मचारी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
