मोहालीः नशीली कोल्डड्रिंक पिला महिला पुलिस कांस्टेबल से दुष्कर्म, वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल

कॉल सेंटर महिला कर्मचारी से दुष्कर्म का मामला सुलझा नहीं था कि महिला पुलिस कांस्टेबल से दुष्कर्म का मामला सामने आ गया है। आरोपियों ने मोहाली स्थित एक होटल में महिला को नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म किया और मोबाइल से वीडियो बना ली। उसके बैंक खाते से करीब छह लाख रुपये भी निकाल लिए। साथ ही उसे ब्लैकमेल कर रहे थे।
महिला कांस्टेबल की शिकायत पर मटौर थाना पुलिस ने मोहम्मद रफी व आमिर पर आईपीसी की धारा 376डी (एक से अधिक लोगों द्वारा दुष्कर्म), 506 (आपराधिक धमकी), 120बी (आपराधिक साजिश) और 384 (जबरन वसूली) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
शादी करने का वादा किया था, पर धोखा दिया
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया था वह मलेरकोटला निवासी मोहम्मद रफी को करीब डेढ़ साल से जानती है। आरोपी ने उससे शादी का वादा किया था। पीड़िता ने बताया कि आरोपी दिसंबर में उससे मिलने के लिए मोहाली आया था। उसने उसे सेक्टर-70 के एक नामी होटल में बुलाया। जब वह होटल के कमरे में पहुंची तो वहां पर आमिर नाम का एक ओर युवक भी मौजूद था।
इस दौरान मोहम्मद रफी ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी। जिसे पीते ही उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो तक बना ली। फिर आरोपियों ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने उसको धमकियां दीं और एटीएम कार्ड लेकर उसके खाते से करीब छह लाख रुपये निकाल लिए। आरोपियों ने उसे धमकी दी कि अगर यह बात किसी को बताई तो उसे घातक नतीजे भुगतने पडे़ंगे।
