युगपुरूष धाम पर अनंतेश्वर महादेव मंदिर का प्राण  प्रतिष्ठा महोत्सव कल से, स्वामी परमानंद आज आएंगे 

इन्दौर । पंचकुईया स्थित युगपुरूषधाम बौद्धिक विकास केंद्र पर नवनिर्मित श्री अनंतेश्वर महादेव परिवार का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं युगपुरूष महामंडलेश्वर स्वामी परमानंद गिरी का 63 वां संन्यास जयंती महोत्सव 7 से 11 मई तक धूमधाम से मनाया जाएगा। महोत्सव मंे सानिध्य प्रदान करने स्वयं युगपुरूष स्वामी परमानंदजी सोमवार 6 मई को दोपहर 12.30 बजे रेल मार्ग से इंदौर आ रहे हैं। महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार 7 मई को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। समाजसेवी दादा धनराज शादीजा एवं मातुश्री दुर्गादेवी के संकल्प के अनुसार इस महोत्सव में प्रतिदिन दिव्यांग बच्चों के साथ सामान्य बच्चे भी अपनी रंगारंग प्रस्तुतिया देंगे। संन्यास जयंती पर मंगलवार शाम को  स्वामी परमानंद गिरी को स्वर्ण मुकुट पहनाया जाएगा।   
संस्था की अध्यक्ष जान्हवी पवन ठाकुर, परमानंद हास्पिटल के डायरेक्टर डाॅ. जीडी नागर, सचिव तुलसी शादीजा एवं प्राचार्य डाॅ. अनिता शर्मा ने बताया कि मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के लिए जयपुर से बन कर प्रतिमाएं आ चुकी हैं इनमें पशुपति नाथ एवं पंचमुखी प्रतिमाएं भी शामिल हैं। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार 7 मई को प्रातः 9 बजे पंचकुईया आश्रम से भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। महिलाएं लाल चुनरी एवं पुरूष श्वेत वस्त्र पहन कर शामिल होेंगे। आश्रम के दिव्यांग बच्चे भी इस शोभा यात्रा के प्रमुख आकर्षण होंगे, जिन्होने कुसुम शर्मा के निर्देशन में नृत्य एवं गायन आदि की रिहर्सल की है। शोभायात्रा परमानंद हाॅस्पिटल से बड़ा गणपति, टोरी कार्नर होते हुए पुनः आश्रम पहुंचेगी। यात्रा में युगपुरूष धाम के दिव्यांग बच्चे भी नाचते गाते और भजन कीर्तन करते हुए शामिल होंगे। मतदाताओं को जागरूक बनाने हेतु दिव्यांग बच्चों के माध्यम से मताधिकार का प्रयोग करने का आव्हान भी शोभायात्रा में किया जाएगा। 7 मई को ही शाम 7 बजे युगपुरूष स्वामी परमानंद के 63 वें संन्यास जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में देश भर से आए भक्तों द्वारा उनकी चरण कमल वंदना कर स्वर्ण मुकुट से अलंकृत किया जाएगा। इस मौके पर दिव्यांग बच्चे भी अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे। 8 मई को शाम 7 से 9 बजे तक प्रवचन के बाद हाॅस्पिटल में सेवाएं दे रहे सेवाभावी चिकित्सकों का सम्मान भी किया जाएगा। महोत्सव में 10 मई तक भगवान की प्रतिमाओं के विविध स्नान एवं अभिषेक की प्रक्रियाएं आचार्य पं. अजय शास्त्री के निर्देशन में पूर्ण कर शनिवार 11 मई को गंगा सप्तमी के दिन पुष्य नक्षत्र में अभिजित मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य महोत्सव महाआरती एवं विशाल भंडारे के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान 7 से 11 मई तक प्रतिदिन सुबह 8 से 9 एवं सांय 7 से 9 बजे तक युगपुरूष स्वामी परमानंद महाराज के आशीर्वचन होंगे। 11 मई को सांय 5.30 बजे प्रवचन के बाद पूर्णाहुति तथा भंडारे का क्रम प्रारंभ होगा। 
उल्लेखनीय है कि युगपुरूषधाम एवं परमानंद हाॅस्पिटल के बाद अब अनंतेश्वर महादेव मंदिर के निर्माण से शहर के पश्चिमी क्षेत्र में यह धर्म, कर्म और सेवा की त्रिवेणी वाला अनुपम स्थान बन गया है जहां धार्मिक आस्था, शिक्षा और स्वास्थ जैसे पुण्य कर्म एक ही छत के नीचे हो सकेंगे। 

Leave a Reply