युगपुरूष धाम पर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शोभा यात्रा पर हेलिकाप्टर से हुई पुष्प वर्षा

इन्दौर। पंचकुईया स्थित युगपुरूषधाम बौद्धिक विकास केंद्र पर नवनिर्मित श्री अनंतेश्वर महादेव परिवार का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं युगपुरूष महामंडलेश्वर स्वामी परमानंद गिरी का 63वां संन्यास जयंती महोत्सव आज आश्रम परिसर से निकली भव्य शोभायात्रा के साथ प्रारंभ हुआ जो 11 मई तक चलेगा। इस दौरान मंदिर में भगवान शिव की पंचमुखी एवं गणेश, नंदी, कच्छप एवं पार्वतीजी की प्रतिमाएं 11 मई को प्राण प्रतिष्ठित की जाएंगी। आज सुबह निकली शोभा यात्रा पर हेलिकाप्टर से पुष्प वर्षा भी की गई वहीं आश्रम के दिव्यांग बच्चों ने ब्रम्हा, विष्णु, महेश सहित विभिन्न देवी देवताओं के श्रृंगार में सज कर अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। बुधवार 8 मई से 11 मई तक प्रतिदिन सुबह 8 से 9 एवं सांय 7 से 9 बजे तक युगपुरूष स्वामी परमानंद महाराज के आशीर्वचन होंगे।
सुबह शोभायात्रा पंचकुईया से रामचंद्र नगर, एरोड्रम रोड, बड़ा गणपति, धानमंडी, कैलाश मार्ग, अंतिम चैराहा होते हुए पुनः आश्रम पहुंची। युगपुरूष स्वामी परमानंद एक खुले रथ पर सवार थे, वहीं अन्य बग्घियों में अखंडधाम के महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी चेतन स्वरूप एवं परमानंद आश्रम की साध्वी चैतन्य सिंधु तथा हरिद्वार, ओंकारेश्वर, उज्जैन से आए अनेक संत विद्वान भी सवार थे। मंगल कलशधारी महिलाएं, गरबा एवं भजन मंडलियां तथा भजनों पर नाचते-गाते श्रद्धालु इस यात्रा के प्रमुख आकर्षण थे। दिव्यांग बच्चे तीन खुले वाहनों पर सवार हो कर अपनी मस्ती में नाचते गाते शामिल हुए। मार्ग में अनेक स्थानों पर युगपुरूष का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया। मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के लिए लाई गई प्रतिमाएं भी शोभायात्रा में शामिल थी। महिलाएं लाल चुनरी एवं पुरूष श्वेत वस्त्र पहन कर शामिल हुए। मतदाताओं को जागरूक बनाने हेतु दिव्यांग बच्चों के माध्यम से मताधिकार का प्रयोग करने का आव्हान भी शोभायात्रा में किया गया। परमानंद हास्पिटल के डायरेक्टर डॉ. जीडी नागर, अध्यक्ष जान्हवी पवन ठाकुर, सचिव तुलसी शादीजा, प्राचार्य डॉ. अनिता शर्मा आदि ने सभी संतों एवं मेहमानों की अगवानी की। समाजसेवी प्रेम बाहेती, नारायण सिंघल, किशनलाल पाहवा, सीए विजय गोयनका, राजेश रामबाबू अग्रवाल, रघुनाथ प्रसाद गनेरीवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए। युगपुरूष स्वामी परमानंदजी के आशीर्वचन के साथ शोभा यात्रा का समापन हुआ।
:: प्रजातंत्र के पावन यज्ञ में मताधिकार की आहुति डालें : स्वामी परमानंद
युगपुरूष स्वामी परमानंद ने धर्मसभा में कहा कि देश में चुनाव चल रहे हैं, आज दिव्यांग बच्चों ने भी मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। हम चाहते हैं कि राजनीतिक दलों के बंटवारे में न उलझते हुए हम सब भी इस पावन यज्ञ में अपने मताधिकार की आहुति अवश्य डालें। यह एक कामदार संस्था है। देश की बागडोर सक्षम हाथों में होना चाहिए, जो इस देश को समृद्ध और सुरक्षित बना सके। आज देशभक्त लोग इस बात से खुश हैं कि पूरे विश्व में देश का नाम हो रहा है। जो देश का नहीं हो सकता, वह हमारा भी नहीं होगा। हम मताधिकार का प्रयोग नहीं करेंगे तो देश गलत हाथों में चला जाएगा।
:: आज चिकित्सकों का सम्मान, प्रतिदिन सुबह-शाम प्रवचन ::
बुधवार 8 मई को शाम 7 बजे समाजसेवी दादा धनराज शादीजा एवं मातुश्री दुर्गादेवी के संकल्प के अनुसार गुरूदेव के प्रवचनों के बाद हॉस्पिटल में सेवाएं दे रहे सेवाभावी चिकित्सकों का सम्मान भी किया जाएगा। इस मौके पर दिव्यांग बच्चे भी अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे। युगपुरूष स्वामी परमानंदजी प्रतिदिन सुबह 8 से 9 एवं सांय 7 से 9 बजे तक आश्रम परिसर में अपने प्रवचनों की अमृत वर्षा करेंगे। महोत्सव में 8 से 10 मई तक भगवान की प्रतिमाओं के विविध स्नान एवं अभिषेक की प्रक्रियाएं आचार्य पं. अजय शास्त्री के निर्देशन में पूर्ण कर शनिवार 11 मई को गंगा सप्तमी के दिन पुष्य नक्षत्र में अभिजित मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य महोत्सव महाआरती एवं विशाल भंडारे के साथ मनाया जाएगा। 11 मई को सांय 5.30 बजे प्रवचन के बाद पूर्णाहुति तथा भंडारे का क्रम प्रारंभ होगा।
