युवराज को राहत , घरेलू हिंसा का मामला बंद

नई दिल्ली । क्रिकेटर युवराज सिंह को एक मामले में राहत मिली है। युवराज के परिवार ने कहा कि उनके भाई जोरावर के खिलाफ घरेलू हिंसा के मामले में युवराज का नाम घसीटा गया था और इस मामले में आरोपी के माफी मांगने के बाद यह सुलझा गया है। परिवार ने कहा कि जोरावर से अलग रह रही उनकी पत्नी आकांक्षा शर्मा ने युवराज के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था। चार महीने की कानूनी लड़ाई के बाद आकांक्षा और जोरावर के बीच इस महीने तलाक हो गया। आकांक्षा ने युवराज और उनके परिवार के खिलाफ झूठे आरोप लगाने के लिए उनसे माफी भी मांगी। युवराज के परिवार ने एक बयान में कहा, 'अपने खिलाफ कानून की प्रक्रिया से बचने का कोई तरीका नहीं होने के कारण आकांक्षा ने माफी मांग ली है और माना कि उसके लगाये सभी आरोप झूठे और गलत थे। उन्होंने इन आरोपों को वापस ले लिया है।' आकांक्षा ने गुरुग्राम की अदालत में अक्टूबर 2017 में घरेलू हिंसा का मामला दायर कराया था, जिसमें युवराज और उनकी मां शबनम को भी आरोपी बनाया गया था। परिवार ने कहा, 'फायदा उठाने की उम्मीद के साथ निजी दुर्भावनापूर्ण कारणों से युवराज की प्रतिष्ठा को दांव पर लगाया गया।'
