योगी बोले, ‘कांग्रेस को सबक नहीं सिखाया तो कश्मीर में पत्थरबाजों को मिलेगा भत्ता’

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि यदि कांग्रेस को समय रहते सबक नहीं सिखाया गया तो वह कश्मीर के पत्थरबाजों को भत्ता देने की घोषणा कर देगी. योगी ने बिजनौर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस को समय रहते सबक सिखाना बहुत जरूरी है, नहीं तो यह पार्टी कश्मीर के पत्थरबाजों से इतनी हमदर्दी रखती है कि उनके लिए भत्ता देने की घोषणा कर देगी.

बसपा प्रमुख मायावती के बयान पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि 38 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने वाले भी प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं. मुख्यमंत्री ने किसानों को रिझाने के लिए कहा कि जब तक खेत में गन्ना रहेगा चीनी मिलें बंद नही होंगी. उन्होंने कहा कि गन्ने का पूरा भुगतान कराया जायेगा. बिजनौर की धरती को महात्मा विदुर की धरती बताते हुए योगी ने कहा कि महाभारत मे चीरहरण का विरोध सिर्फ विदुर जी ने ही किया था इसलिए बिजनौर की धरती से देश से आह्वान कर रहा हूं कि चीरहरण के दृश्य को दोहराने न दें.

महात्मा गांधी के एक बयान का हवाला देते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि गांधी जी ने आजादी के बाद कहा था कि अब कांग्रेस की जरूरत नही है इसलिए बापू के सपनो को पूरा करने के लिए भाई-बहन आगे आ गये हैं. वे कांग्रेस को शून्य पर ले आएंगे.
 

Leave a Reply