राजधानी में मासूम का जला शव बरामद

- 4 साल के मासूम का अपहरण, 2 दिन तक खाक छानती रही पुलिस, चौंथे दिन पुलिस के हाथ लगी असफलता
- डीजीपी वीके सिंह, आईजी योगेश देशमुख, डीआईजी इरशाद वली मौके पर
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार को मासूम बच्चे के शव मिलने से सनसनी मच गई है। दो दिन से लापता 4 साल के बच्चे का जला हुआ शव पुलिस ने बरामद किया है। इसके बाद परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताई थी। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगी हुई थीं, लेकिन उनके हाथ असफलता लगी। पुलिस ने मामले में मुकेश सोलंकी नामक व्यक्ति और एक अन्य को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि कोलार के चीचली गांव से रविवार शाम को वरुण घर के बाहर चॉकलेट लेने गया था, तभी वह लापता हो गया। पिता विपिन मीणा ने पुलिस के समक्ष अपहरण की आशंका व्यक्त की थी। बच्चे के लापता होने के बाद से पिता और अन्य परिजन उसकी तलाश में आसपास के इलाके में तलाश कर रहे थे। तनाव बढ़ता देखकर मंगलवार सुबह जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने भी बच्चे के परिजनों से मुलाकात की थी, लेकिन दोपहर को वरुण का शव घर से महज 70 फीट की दूरी पर एक मकान में मिला है। जिस मकान से शव बरामद हुआ वो काफी सालों से बंद था। बताया जा रहा है कि बच्चे को गद्दे से लपेटकर शव जलाया गया है।
बढ़ा तनाव
जब पुलिस ने मृतक बच्चे के घर के पास रहने वाली एक महिला सुनीता सोलंकी को जांच के लिए हिरासत में लेना चाहा तो उसके परिजनों ने हंगामा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान डीआईजी इरशाद वली को हाथ में चोट आई है। वहीं कुछ लोग भी घायल हुए हैं। फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
मन द्रवित है, दोषी बख्शा नहीं जाएगा : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री कमल नाथ ने ट्वीट कर इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट किया- 'भोपाल के बैरागढ़ चिचली इलाके से गायब मासूम बालक वरुण के प्रयासों के बावजूद सकुशल नहीं बच पाने की खबर बेहद दुखद,मन को द्रवित करने वाली।परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। पीडि़त परिवार के साथ पूरी सरकार खड़ी है। आरोपियों को शीघ्र पकडऩे के निर्देश दिये हैं। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा।Ó
कांग्रेस का हाथ अपराधियों के साथ: भाजपा
भाजपा उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक के बाद एक ट्वीट कर सरकार को घेरा है। उन्होंने ट्वीट किया- हे राम! एक और बेटा शासन-प्रशासन की नाकामी की वजह से काल-कवलित हो गया! यह क्या हो रहा है कमलनाथ जी? आप अपने प्रदेश के बच्चों को ही सुरक्षित नहीं रख पा रहे हैं! आए दिन एक न एक झकझोर देने वाली खबर आ रही है! क्या यही है वक्त बदलाव का? कांग्रेस का हाथ अपराधियों के साथ है,यह तो तय है! प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल है। अपराधियों के मन में अब खौफ या डर बिलकुल नहीं है। मैंने सोचा भी नहीं था कि मेरे प्रदेश की हालत इतनी बुरी हो जाएगी! दिवंगत बेटे को श्रद्धांजलि अर्पित करता हंू। ईश्वर उसकी आत्मा को शांति दे।दु:ख की घड़ी में मैं परिजनों के साथ खड़ा हूंद्ध कमलनाथ सरकार को नींद से जगाने हेतु समाज के साथ सड़कों पर उतरूंगा और वरुण को न्याय दिलाकर रहूंगा।
