राजस्थान के कई हिस्सों में 30 डिग्री के पार पहुंचा पारा, जयपुर में टूटा 30 साल का रिकॉर्ड

जयपुर. राजस्थान (Rajasthan) में गर्मी ने दस्तक दे दी है. आलम यह है कि अभी से ही गर्मी (Heat) नए रिकॉर्ड कायम कर रही है. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में बढोतरी का दौर देखने को मिल रहा है. प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में दिन का पारा 30 डिग्री के पार पहुंच गया है. आलम यह है कि दिन में तेज धूप चुभने लगी है तो रात को भी लोगों ने घरों में पंखे चलाने शुरू हो गए हैं. प्रदेश की राजधानी जयपुर में तो गर्मी नए रिकॉर्ड कायम करने लगी है. राजधानी जयपुर (Jaipur) में फरवरी के महीने में न्यूनतम तापमान 30 सालों में सबसे अधिक रहा है. 27 फरवरी को राजधानी में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है. इससे पहले 1991 में फरवरी के महीने में पारा 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था.
पश्चिमी विक्षोभ नहीं आने से पारा चढा
दरअसल, इस बार पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा सक्रिय नहीं हो रहा है. जिसके कारण से प्रदेश में हवाओं के रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है. आम तौर पर फरवरी के महीने में चार से पांच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होते हैं. जिनके कारण उत्तरी भारत में बारिश और बर्फबारी होती है. और उत्तरी भारत से आने वाली हवाओं के कारण प्रदेश में भी मौसम ठंडा बना रहता है. लेकिन इस बार ये सब नहीं हुआ.
कई कार्यालयों और घरों में एसी शुरू हो चुके हैं
हालांकि, अगले दो- तीन दिनों में प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. लेकिन उसके बाद पारे में बढोतरी का दौर फिर शुरु हो जाएगा. वहीं, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह शाम हल्की ठंडक बरकरार है. लेकिन दिन में गर्मी के तेवर तीखे होने लगे हैं. लोगों ने गर्म कपड़ों से परहेज करना शुरू कर दिया है. कई कार्यालयों और घरों में एसी शुरू हो चुके हैं.
