राजस्थान के जैसलमेर में खनिज का बड़ा भंडार मिलने का दावा, ऑक्‍शन के लिए ब्‍लॉक होंगे विकसित

जयपुर. राजस्थान में माइनिंग विभाग (Mining Department) के लिए अच्छी और बड़ी खबर है. जियोलोजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (Geological Survey of India) ने जैसलमेर (Jaisalmer) के तीन ब्‍लॉक में 690 मिलियन टन से अधिक के एसएमएस ग्रेड, केमिकल ग्रेड और सीमेंट ग्रेड लाइम स्टोन भंडारों की खोज की है. जियोलोजिकल सर्वे ऑफ इंडिया से प्राप्त जी-2 और जी-3 की रिपोर्ट के आधार पर अब माइनिंग विभाग की ओर से ऑक्शन के लिए ब्लॉक विकसित किए जाएंगे.

प्रमुख शासन सचिव (माइंस एवं पेट्रोलियम) अजिताभ शर्मा ने बताया कि जियोलोजिकल सर्वे ऑफ इण्डिया पश्चिम क्षेत्र कार्यालय के निदेशक डॉ. एसके कुलश्रेष्ठ और वरिष्ठ भूवैज्ञानिक तुषार खान सेठी ने जैसलमेर के रामगढ़, गोरम खान की ढ़ाणी और मियों की ढ़ाणी ब्लॉक की अध्ययन रिपोर्ट पेश की है. उन्होंने बताया कि जीएसआई की ओर से इस साल राज्य में 55 ब्लॉकों में खोज का कार्य किया जाएगा.

राज्य में खनिज का भंडार

प्रमुख सचिव अजिताभ शर्मा के मुताबिक, रिपोर्ट के अनुसार जैसलमेर के रामगढ़ में 2.56 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में एसएमएस ग्रेड लाइम स्टोन के 9.002 मिलियन टन भंडार मिलने की संभावना है. वहीं, 4.67 मिलियन टन केमिकल ग्रेड और 180.471 मिलियन टन सीमेंट ग्रेड लाइम स्टोन के भण्डार की संभावना आंकी गई है. उन्होंने बताया कि इसी तरह से जैसलमेर के ही गोरम खान की ढ़ाणी में 5 वर्ग किलामीटर क्षेत्र में 76.198 मिलियन टन एसएमएस ग्रेड और 135.732 मिलियन टन सीमेंट ग्रेड लाइम स्टोन के भंडार होने की संभावना है.

ऑक्शन के लिए ब्लॉक होंगे विकसित

जियोलोजिकल सर्वे ऑफ इण्डिया की ओर से दी गई रिपोर्ट में जैसलमेर के मियों की ढ़ाणी के 5 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 44.858 मिलियन टन एसएमएस ग्रेड 80.251 मिलियन टन एसएमएस ओएस ग्रेड और 162.664 मिलियन टन सीमेंट ग्रेड लाइम स्टोन के भण्डार मिले हैं. शर्मा ने बताया कि प्राप्त रिपोर्टों का अध्ययन कर विभाग की ओर से खनन के लिए ऑक्शन के लिये ब्लॉक विकसित किए जाएंगे.
 

Leave a Reply