राजस्थान के 52 निकायों में चुनाव के निकाली गई आरक्षण लॉटरी, पढ़ें- कौनसा वार्ड किसके लिए आरक्षित?

जयपुर. राजस्थान (Rajasthan) में नगरीय निकायों के चुनावों (Local Body Elections) के लिए बुधवार को लॉटरी निकाले जाने की प्रक्रिया जारी है. राजधानी जयपुर समेत सभी जिला मुख्यालयों पर कलेक्टर (District Collectors) आरक्षण लॉटरी (Reservation Lottery) का जिम्मा संभाला. जयपुर में लॉटरी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है वहीं अन्य स्थानों पर भी प्रक्रिया अंतिम चरण में है. इस लॉटरी सिस्टम के जरिए प्रदेश के 6 नगर निगमों और 46 अन्य स्थानीय निकायों में सीट आरक्षण के लिए लॉटरी निकाली जा रही है. जयपुर में बीजेपी विधायकों ने लॉटरी प्रक्रिया को फर्जी करार देते हुए हंगामा किया. हालांकि बाद में कलेक्टर की समझाइश के बाद नेता शांत हुए और लॉटरी प्रक्रिया फिर से जारी हो सकी. अजमेर को छोड़कर शेष छह नगर निगमों के महापौर पद का आरक्षण तय होगा. स्वायत्त शासन विभाग ने इससे पहले संबंधित जिला कलेक्टरों को आरक्षण लॉटरी निकालने की जिम्मेदारी सौंपी थी.
श्रीगंगानगर में ये होगा आरक्षण का गणित
नगर निकाय चुनावों के लिए वार्डों की लॉटरी में सामान्य वर्ग के लिए श्रीगंगानगर के 39 वार्डों को शामिल किया गया. श्रीगंगानगर के वार्ड नंबर 11, 14, 20, 23, 24, 26, 27, 29, 34, 40, 42, 45 और 55 सामान्य महिला के लिए आरक्षित किए गए. वार्ड नंबर 16, 17, 25, 36, 53 ओबीसी महिला के लिए हुए आरक्षित किए गए. वहीं वार्ड नंबर 13, 19, 37, 41, 46, 47, 50, 52 और 56 ओबीसी जनरल के लिए हुए आरक्षित किए गए.
हनुमानगढ़ में एससी के लिए 10 वार्ड आरक्षित
नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्डों के लिए आरक्षण लॉटरी में एससी के लिए 10 वार्ड आरिक्षित किए गए हैं. इनमें वार्ड 2, 3, 10, 15, 27, 35, 36, 41, 56, 59 शामिल हैं. इनमें से 10, 15 और 59 लॉटरी के जरिए एससी महिला के लिए आरक्षित हुए.
4 चरणों में होंगे निकाय चुनाव
राजस्थान के 193 निकायों में 4 चरणों में चुनाव होने हैं. पहले चरण में 52 निकायों में इसी वर्ष नवंबर-2019 में चुनाव प्रस्तावित हैं. इनमें से 46 पुराने निकाय हैं, जबकि नसीराबाद, थानागाजी, परतापुर-गढ़ी, रूपवास, महुवा और खाटूश्यामजी नवगठित सात नगरपालिकाएं शामिल हैं. इन निकायों में वार्डों का फिर से सीमांकन पूरा हो चुका है. सभी की अधिसूचना जारी कर दी गई है.
ऐसे तय हो रहा है आरक्षण
अब चुनाव से पहले नगर निगमों में महापौर, नगरपरिषदों में सभापति, नगरपालिकाओं में अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों के लिए वर्गवार आरक्षण और महिला आरक्षण तय होना है. इसके लिए संबंधित जिलों में लॉटरी 18 सितंबर को निकाली जाएगी. शेष 141 निकायों के चुनाव अगस्त और दिसंबर 2020 तथा जनवरी-2021 में करवाए जाएंगे. फिलहाल इनका पुर्नसीमांकन चल रहा है.
