राजस्थान में कोरोना का कोहराम, गहलोत सरकार का संपूर्ण लॉकडाउन से इनकार, नहीं संभले तो बढ़ सकती हैं पाबंदियां

जयपुर. कोरोना (COVID-19) संक्रमण की दूसरी लहर को रोकने के लिए प्रदेश की गहलोत सरकार (Gehlot government) पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है. राज्य सरकार ने गुरुवार को देर रात जो गाइडलाइन जारी की है उसमें कई तरह की पाबंदियां (Restriction ) लगा दी गई है. इससे मिनी लॉकडाउन (Mini lockdown) जैसे हालात हो गये हैं. हालांकि गहलोत सरकार ने संपूर्ण लॉकडाउन से इनकार किया है, लेकिन हालात नहीं सुधरे तो पाबंदियां और बढ़ाई जाने की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा रहा है.गृह विभाग ग्रुप-9 की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार पूजा-अर्चना, इबादत आदि घर पर रहकर ही की जाये. गाइडलाइन में जिला कलेक्टर्स को जिलों में ऑनलाइन पूजा अर्चना, इबादत, जियारत करवाने की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं. किसी भी सार्वजनिक सामाजिक, राजनैतिक, खेलकूद, मनोरंजन, शैक्षणिक, सांस्कृतिक, धार्मिक समारोह, जूलुस की अनुमति नहीं होगी. गाइडलाइन 16 अप्रैल से सुबह 6 से 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगी.

प्रदेश में मिनी लॉकडाउन डाउन जैसे हालात
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हाल ही में संकेत दिए थे कि यदि लोगों ने गाइडलाइन की पालना नहीं की तो सरकार सख्त निर्णय लेगी. माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने गाइडलाइन की पालना नहीं करने पर सख्त निर्णय लिया है. प्रदेश में कोराना की दूसरी लहर के मद्देनजर सरकार लोगों को स्वास्थ्य के प्रति बेहद गंभीर है. जिस तरह प्रदेश में कोरोना केस बढ़ रहे हैं उसी के मद्देनजर राज्य सरकार ने गाइडलाइन जारी कर सख्त हिदायत दी है कि यदि लोग अभी भी नहीं समझे तो इससे भी अधिक कठोर निर्णय लिये जा सकते हैं.

सीएम की अपील जनता करे सरकार का सहयोग
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गाइडलाइन की पालना के लिए आमजन से सरकार का सहयोग करने की अपील की है. सीएम ने कहा कि जिस तरह प्रदेश में कोरोना केस बढ़ रहे हैं उससे ऐसा लगता है कि राजस्थान एक बार फिर लॉकडाउन की ओर बढ़ रहा है. हालांकि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पूर्ण लॉकडाउन की संभावना से इनकार कर चुके हैं. लेकिन प्रदेश में लगाई गये प्रतिबंधों से फिलहाल मिनी लॉकडाउन जैसे हालात जरुर हो गये हैं.
 

Leave a Reply