राजस्थान में फिर बढ़ा कोरोना, दो दिन से आ रहे 200 से अधिक मामले

जयपुर। राजस्थान में कोरोना के 237 नए मामले सामने आए हैं। यहां लगातार दूसरा दिन है जब 200 से अधिक मामले नए आए हैं। प्रदेश के 10 जिलों में डबल डिजिट में नए मामले आए हैं। सबसे ज्यादा राजधानी जयपुर में 31 मामले आए हैं, तो कोटा और डूंगरपुर में 26-26 मामले आए हैं। अब प्रदेश भर में 2 हजार 342 एक्टिव केसों की संख्या हो चुकी है। खास बात यह है कि कुछ दिनों पहले तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में नए मामले सामने नहीं आने के साथ एक्टिव केसों की संख्या भी जीरो हो गई थी। पिछले कुछ सप्ताह में नए मामले आने से अब सभी जिलों में एक्टिव केस हैं।
  हालाकि वैक्सीनेशन में राजस्थान देश भर में अव्वल दर्जा हासिल कर चुका है। अब तक राज्य के 25 लाख से ज्यादा लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। प्रदेश की मतदाता सूची के अनुसार 86 लाख 84 हजार 420 मतदाता 60 साल से अधिक की उम्र के हैं।  11 मार्च तक इनमें से 11 लाख 57 हजार 230 लोगों ने टीकाकरण करवाकर खुद को सुरक्षित किया। चिकित्सा मंत्री  डा रघु शर्मा ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में व्यापक स्तर पर पूरे प्रोटोकाल के अनुसार टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। जहां केंद्र सरकार ने 10 फीसद वैक्सीनेशन को वेस्टेज डोज माना है, वहीं चिकित्सकों की सजगता से प्रदेश में केवल 7 प्रतिशत डोज ही वेस्ट की श्रेणी में आए हैं। उन्होंने बताया कि टीकाकरण में यूं तो सभी जिले बेहतरीन कार्य कर रहे हैं, लेकिन जयपुर जिले में सर्वाधिक 92 हजार से ज्यादा लोगों ने टीका लगवाकर पहले पायदान पर जगह बनाई है। इसी तरह अलवर में 88 हजार से ज्यादा और नागौर में 71 हजार से ज्यादा लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी के चलते महाराष्ट्र सरकार को 21 मार्च तक लाकडाउन लगाना पड़ा है। राज्य में ऐसे हालात नहीं बने इसके लिए सभी को अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि आमजन भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नहीं जाएं, सोशल डिस्टेसिंग अपनाएं और घर से बाहर निकलने से पहले मास्क लगाना बिल्कुल नहीं भूलें। चिकित्सा मंत्री डा रघु शर्मा ने कहा कि 60 वर्ष से अधिक और अन्य बीमारियों से ग्रसित 45 से 60 वर्ष आयु के लोग सैकंड टीका लगवाने को कोताही नहीं बरतें। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से राजस्थान को पर्याप्त मात्रा में कोरोना वैक्सीन के डोजेज प्राप्त नहीं हुए हैं। ऐसे में फ्रेश वैक्सीनेशन नहीं हो सकेगा और केवल उन्हीं को सैकंड डोज मिलेगा, जो एक डोज पहले लगवा चुके हैं।

Leave a Reply