राजस्थान वित्त सचिव ने वाइन शॉप पर किया डिकॉय ऑपरेशन, बरामद की मिलावटी शराब

जयपुर: प्रदेश में 173 वाइन शॉप पर शुक्रवार को डिकॉय ऑपरेशन किया गया. जिसमें कीमत से अधिक की शराब बेचने से लेकर मिलावटी शराब बेचने तक की जानकारी मिली. इस ऑपरेशन के बाद वित्त सचिव राजस्व डॉ. पृथ्वीराज ने जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने इस ऑपरेशन को गोपनीय रखा था. इस ऑपरेशन की भनक आबकारी के अधिकारियों तक को नहीं दी गई. पूरा ऑपरेशन वित्त विभाग की विंग द्वारा पूरा किया गया जिससे पता चल सके कि कैसे शराब की दुकानों पर आम और खास को लूटा जा रहा है.

डिकॉय ऑपरेशन के दौरान मिली लापरवाहियों को देखते हुए वित्त सचिव राजस्व डॉ. पृथ्वीराज ने अलवर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और जयपुर शहर के डीओ को नोटिस जारी किए हैं. वहीं इन जिलों में काम कर रहे 14 आबकारी निरीक्षकों को आबकारी कमिश्नर द्वारा 16-17 सीसीए के नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं. जिन दुकानों पर नियमों की अवहेलना पाई गई उन दुकानों के खिलाफ आबकारी एक्ट में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं.

डॉ पृथ्वीराज ने कहा कि आगामी दिनों में भी इस तरह के डिकॉय ऑपरेशन चलाए जाएंगे. जिससे उपभोक्ताओं से हो रही लूट को रोका जा सके.

Leave a Reply