राष्ट्रपति बाइडन ने 1,900 अरब डॉलर की ‘अमेरिका राहत योजना’ पर हस्ताक्षर किए

वाशिंगटन । अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की खातिर 1,900 अरब डॉलर की ‘अमेरिका राहत योजना’ पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत अमेरिका के अधिकांश लोगों को 1,400 डॉलर की सहायता देने की व्यवस्था की गई है। बाइडन ने इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल से देश की रीढ़ मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि इस योजना से राष्ट्रनिर्माण करने वाले कामकाजी और मध्यम वर्ग के लोगों को फिर आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। व्हाइट हाउस में बाइडन ने कहा कई हफ्तों तक इस विधेयक पर चर्चा और बहस हुई। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने बताया कि कोविड-19 के कारण लॉकडाउन लगाए जाने को एक वर्ष पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि यह एक अहम मौका है, जब राष्ट्रपति अमेरिकी जनता से सीधे संवाद करके भावी चुनौतियों और प्राथमिकताओं पर बात करें। उन्होंने बताया कि अगले हफ्ते, अमेरिकी राहत योजना को बढ़ावा देने की खातिर बाइडन और उप राष्ट्रपति देशभर के दौरे पर जाने वाले हैं।
