राहुल के शतक से भारत का विशाल सकोर

पुणे । केएल राहुल (108) के शतक और कप्तान विराट कोहली (66) तथा ऋषभ पंत (77) के अर्धशतकों की मदद से भारत ने यहां खेले जा रहे दूसरे वनडे में इंग्लैंड के खिलाफ 6 विकेट पर 336 रनों का स्कोर बनाया लिया है। भारत तीन मैचों की सीरीज में पहला मुकाबला 66 रनों से जीतकर 1-0 की बढ़त बनाए हुए हैं।
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर फिर एक बार भारत को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारतीय सलामी जोड़ी इस बार विफल रही। रोहित शर्मा (25) और पिछले मैच में नर्वस नाइंटी के शिकार हुए शिखर धवन (04) 37 रनों के टीम स्कोर पर पैवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान कोहली और राहुल ने मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 121 रनों की साझेदारी कर टीम को शुरुआती झटकों से उबारा। कोहली ने लगातार दूसरे वनडे में अर्धशतकीय पारी खेली। 32वें ओवर की अंतिम गेंद पर भारत को तीसरा झटका लगा। कोहली को राशिद ने जोस बटलर के हाथों लपकवाया। कोहली ने 79 गेंदों पर 66 रनों की पारी में 3 चौके और एक छक्का जमाया। दूसरे छोर पर राहुल ने अपने वनडे कॅरियर का पांचवां शतक पूरा किया। साथ ही पंत (77) के साथ चौथे विकेट के लिए तेजी से 113 रनों की साझेदारी कर भारत को विशाल स्कोर की ओर पहुंचाया। राहुल ने आउट होने से पहले 108 रनों की पारी में 114 गेंदों पर 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से शतकीय पारी खेली। टॉम करेन ने उनका विकेट लिया। इसके बाद पंत और हार्दिक पंड्या ने पांचवें विकेट के लिए ताबड़तोड़ 37 रन जोड़े। पंत ने टॉम करेन का दूसरा शिकार बनने से पहले 40 गेंदों पर अपनी पारी सजाई, जिसमें 3 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। दूसरे छोर पर पंड्या ने मात्र 16 गेंदों पर एक चौके और 4 छक्के की मदद से 35 रन बनाए। क्रुणाल पंड्या (12) और शार्दुल ठाकुर (00) नाबाद रहे। इंग्लैंड की ओर से टॉम करेन, रीस टॉपली ने 2-2 विकेट लिए, जबकि सैम करेन व आदिल राशिद को 1-1 विकेट मिला।
