राहुल गांधी ने मोदी को दी बहस की चुनौती, कहा- देश को चेहरा नहीं दिखा पाएंगे पीएम

कटिहार. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को बिहार के कटिहार में चुनावी सभा को संबोधित किया। कांग्रेस उम्मीदवार तारिक अनवर के पक्ष में प्रचार करने आए राहुल ने राफेल मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट फिर से राफेल मामले की सुनवाई करने जा रही है। राफेल डील में गड़बड़ी कर मोदी ने अनिल अंबानी को फायदा पहुंचाया।
राहुल ने कहा, प्रधानमंत्री खुद को चौकीदार कहते हैं। क्या कभी किसान, बेरोजगार और गरीब के घर के बाहर चौकीदार देखा है। चौकीदार अनिल अंबानी जैसे लोगों के घर के बाहर होते हैं। नरेंद्र मोदी जनता के नहीं अनिल अंबानी जैसे लोगों के चौकीदार हैं।
उन्होंने कहा, मैं नरेंद्र मोदी के साथ डिबेट करना चाहता हूं। वह भष्टाचार पर बोलते हैं। आप अपनी बात बोलो, मैं अपनी बात बोलता हूं। आपको जो बोलना है बोलो, मुझे राफेल पर बात करने के लिए 15 मिनट दो। डिबेट के बाद नरेंद्र मोदी देश को अपना चेहरा नहीं दिखा पाएंगे।
राहुल ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री से सवाल करूंगा कि अनिल अंबानी को 30 हजार करोड़ रुपए क्यों दिए? फ्रांस गए तो अनिल अंबानी को साथ ले गए, या नहीं? फ्रांस के राष्ट्रपति ने आपके बारे में बोला कि हिन्दुस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा है कि एचएएल को कॉन्ट्रैक्ट नहीं देना है, अनिल अंबानी को कॉन्ट्रैक्ट मिलेगा। मेरे सवालों के बाद नरेंद्र मोदी का चेहरा देखते ही पूरे हिन्दुस्तान को पता चल जाएगा कि चौकीदार चोर है।
72000 रुपए देने का वादा दोहराया
राहुल ने कटिहार में लोगों से हर साल 72000 रुपए रुपए देने का वादा दोहराया। उन्होंने कहा कि जिन गरीबों की आमदनी 12000 रुपए मासिक से कम है उन्हें हर साल 72 हजार रुपए मिलेगा। ऐसा हर साल होगा। पांच साल में 3.60 लाख रुपए सीधे खाते में डाला जाएगा। पांच साल बाद देश ऐसा कोई गरीब नहीं होगा जिसकी आमदनी 12 हजार से कम हो।
