रेलवे का हर्बल गार्डन, लगाए गए रोगों से निजात दिलाने वाले 120 तरह के वृक्ष

मुंबई. रेलवे स्टेशनों को हरित और ईको फ्रेंडली बनाने की दिशा में रेल मंत्रालय (Rail Ministry) लगातार प्रयास करने में जुटा हुआ है और इसके लिए तमाम कदम भी उठाए जा रहे हैं. इसी के तहत मध्य रेलवे ने मुम्बई के प्रसिद्ध और बड़े स्टेशनों में से एक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (Chhattrapati Shivaji Maharaj Terminus) पर हर्बल गार्डन का निर्माण किया है. रेलवे की तरफ से इस तरह की यह पहली अनोखी पहल है. इस हर्बल गार्डन की सबसे अनोखी बात यह है कि इसमें 120 ऐसे हर्बल वृक्ष लगाए गए हैं, जिनके इस्तेमाल से किसी न किसी रोग का इलाज होता है.

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवाजी सुतार ने बताया कि यह हर्बल गार्डन मध्य रेल की ग्रीन पहल की दिशा में एक और सकारात्मक कदम है. मध्य रेलवे अपने यात्रियों के लिए एक पर्यावरण अनुकूल वातावरण बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है.

लगाए गए ये 120 वृक्ष

मध्य रेलवे द्वारा बनाये गए इस हर्बल गार्डन में अश्वगंधा, ब्राह्मी, इवनिंग प्रिमरोज, मेंथॉल मिंट, अडूसा, अजवाइन, अपामार्ग, इलायची, काली मिर्च, शतावरी, तुलसी, सरपा गान्धा, गिलोय और लौंग जैसे कुल 120 वृक्ष हर्बल गार्डन में लगाए गए हैं. इस गार्डन के लगने से स्टेशन और उसके आस-पास ने सिर्फ ऑक्सीजन का स्तर बढ़ेगा, बल्कि वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी.

बता दें कि मध्य रेलवे के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस को कुछ दिन पहले ही आईजीबीसी ने ग्रीन स्टेशन के सर्टिफिकेट से नवाजा है और ये खिताब पाने वाला वह महाराष्ट्र का पहला ग्रीन स्टेशन है. इतना ही नही, इसके अलावा हरित प्रयासों को लेकर उसे कई अन्य पुरस्कार भी मिलते रहे हैं.
 

Leave a Reply