रोहतकः दो बेटियों के साथ ट्रेन के आगे कूदी महिला का हाथ और पैर कटा, छिटकने से बची बच्चियां

रोहतक-दिल्ली रेलमार्ग पर ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने सोमवार दोपहर एक महिला ने अपनी दो बेटियों संग दिल्ली से आ रही मालगाड़ी के सामने छलांग लगा दी। महिला के सामने आते ही ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। जब तक ट्रेन रुकती, तब तक दोनों बच्चियां छिटक कर दूर जा गिरीं और महिला इंजन के पहिये में उलझ गई। हादसे में महिला का एक हाथ व एक पैर कट गया।
गंभीर हालत में महिला व दोनों बेटियों को पीजीआई में दाखिल कराया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद जीआरपी का कहना है कि महिला ने पारिवारिक क्लेश के चलते आत्मघाती कदम उठाया। उसके खिलाफ आत्महत्या का प्रयास करने का केस दर्ज कर लिया है। हालांकि पुलिस महिला के होश में आने के इंतजार कर रही है। वहीं जीआरपी थाना प्रभारी स्नेही राज का कहना है कि पारिवारिक कलह के चलते महिला ने यह कदम उठाया है।

जीआरपी के मुताबिक सोमवार दोपहर एक मालगाड़ी के ड्राइवर सत्यभान व सहयोगी शशि राजन ने बताया कि एक महिला एक बच्ची को गोद में ले और दूसरी का हाथ पकड़ तेजी से रेलवे ट्रैक की तरफ आ रही थी। वह लगातार ट्रेन के नजदीक आने का प्रयास कर रही थी, उसकी गतिविधि से किसी अनहोनी की आशंका का अहसास हुआ। इस पर उन्होंने ट्रेन की गति काफी कम कर दी। जैसे ही ट्रेन उसके नजदीक पहुंची, वैसे ही उसने इंजन के आगे छलांग लगा दी।

जब तक इमरजेंसी ब्रेक लगाए, तब तक दोनों बच्चियां दूर छिटक कर जा गिरीं और महिला की चोटी उलझने की वजह से पहिया गर्दन के नजदीक से गुजर गया। वहीं, उसका एक हाथ और पैर ट्रेन से कट गया। ड्राइवर ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी, जिस पर जीआरपी और डॉक्टरों की टीमें मौके पर पहुंचीं। जब जीआरपी पुलिस ने महिला को जीवित देखा तो लोगों की मदद से निकालने का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिली।
स्थिति ऐसी बनी हुई थी कि बिना इंजन को पीछे किए महिला को निकाला नहीं जा सकता था मगर इंजन पीछे करने पर पहिया उसकी गर्दन से होकर गुजरता। इस पर जीआरपी थाना प्रभारी स्नेही राज इंजन के नीचे घुसकर महिला को धीरे-धीरे आगे-पीछे करके पहिये से सुरक्षित निकाला। इसके बाद धीरे-धीरे इंजन को पीछे किया गया। महिला के इंजन के नीचे से निकलते ही डॉक्टरों की टीम ने मौके पर ही उपचार शुरू किया।

सविता नाम बताकर बेहोश हो गई महिला
जीआरपी थाना प्रभारी स्नेही राज के मुताबिक पूछने पर महिला ने अपना नाम सविता निवासी खरक जाटान बताया। जब तक पुलिस उससे और पूछताछ करती, तब तक वह अचेत हो गई और उसे पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। वहीं, जीआरपी ने महिला के पास से मिले मोबाइल नंबर से संपर्क करके हादसे की सूचना परिजनों को दी। करीब एक घंटे बाद परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीजीआई में पहुंचे परिजनों से प्रारंभिक पूछताछ की, जिसमें पारिवारिक कलह के चलते महिला के यह कदम उठाने की जानकारी मिली है। महिला के बयान लेने के लिए पुलिसकर्मी महिला के होश में आने का इंतजार कर रहे थे। वहीं, जीआरपी थाना प्रभारी ने गंभीर रूप से घायल महिला के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

महिला की पीजीआई में हालत नाजुक बनी हुई है। होश में आने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। ट्रेन के ड्राइवर के प्राथमिक बयान दर्ज कर लिए हैं, जिसमें आत्महत्या की मंशा से ट्रेन के सामने आने की पुष्टि हुई है। परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि पारिवारिक कलह के चलते महिला ने आत्महत्या के लिए यह कदम उठाया है। महिला के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, घायल सविता के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

Leave a Reply