लंदन में हमले की अफवाह से मची सनसनी, नहीं मिला कोई संदिग्ध

लंदन, रायटर । लंदन के ऑक्सफोर्ड स्ट्रीट में शुक्रवार की शाम फायरिंग की अफवाह फैलने के बाद सनसनी मच गई। बाद में पुलिस ने कहा कि उन्हें न तो गोली चलने का कोई सुबूत मिला है और न ही कोई घायल मिला है। जिस इलाके में घटना हुई वह ब्रिटेन की राजधानी का मुख्य शॉपिंग केंद्र है। आतंकी हमले की आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस तुरंत ही सक्रिय हो गई थी।
ऑक्सफोर्ड स्ट्रीट में पूरा उत्सवी महौल था। ब्लैक फ्राइडे का लाभ लेने के लिए दुकानदारों ने अच्छी सजावट की थी। अंधेरा घिरते ही फायरिंग की अफवाह के बाद घबराहट मच गई। डरे हुए दुकानदार और लोग ऑक्सफोर्ड स्ट्रीट पर भागने लगे।
लंदन मेट्रोपोलिटन पुलिस ने एक घंटे की जांच के बाद में एक बयान जारी कर कहा कि उन्हें गोली चलने का कोई सुबूत नहीं मिला है। न तो कोई घायल और न ही कोई संदिग्ध मिला है। स्थिति सामान्य होने के बाद राजधानी के यातायात संचालक ने कहा कि ऑक्सफोर्ड स्ट्रीट और बांड स्ट्रीट में यातायात सामान्य हो गया है।
