लम्बे समय से प्रतिनियुक्ति पर गृह विभाग में पदस्थ महिला डाक्टर अब हटाई जायेंगी

भोपाल।लम्बे समय से प्रतिनियुक्ति पर गृह विभाग में पदस्थ एक महिला डाक्टर को अब हटाया जायेगा। दरअसल डा. वीणा शर्मा गृह विभाग के अंतर्गत 32 वीं वाहिनी विसबल उज्जैन में चिकित्सा अधिकारी के पद पर 28 जून 1997 से पदस्थ हैं। उनके खिलाफ सीएम हेल्प लाईन में शिकायत हुई थी। इस पर गत 17 जून 2020 को स्वास्थ्य संचालनालय ने डा. वीणा शर्मा को नोटिस जारी कर कहा था कि आपका परिवीक्षा अवधि समाप्ति/नियमितीकरण संबंधी प्रकरण प्राप्त हुआ है। प्रकरण के परीक्षण में यह स्पष्ट हुआ है कि शासन के आदेश द्वारा आपकी सेवायें दो वर्ष की अवधि हेतु गृह विभाग को प्रतिनियुक्ति पर सौंपी गई एवं आप 28 जून 1997 से प्रतिनियुक्ति अंतर्गत गृह विभाग के अधीन कार्यरत हैं। सामान्यत: प्रतिनियुक्ति अवधि दो वर्ष हेतु बढ़ाई जाती है जिसकी सीमा अधिकतम चार वर्ष है। इसलिये आपकी प्रतिनियुक्ति अवधि कब-कब शासन स्तर से बढ़ाई गई है, इस संबंध में आदेशों की प्रति शीघ्र उपलब्ध करायें जिससे प्रकरण का निराकरण किया जा सके। 
इधर कार्यालय सेनानी 32 वीं वाहिनी उज्जैन यूसी कर्नल द्वारा डा. वीणा शर्मा की मूल सेवा पुस्तिका उपलब्ध कराने का आग्रह किया तथा सीएम हेल्प लाईन में भी इसकी शिकायत की। इस पर स्वास्थ्य संचालनालय ने पुन: 22 अगस्त 2020 को उप संचालक सीएम हेल्प लाईन को जवाब दिया कि प्रकरण में कार्यवाही प्रचलित है एवं संबंधित चिकित्सा अधिकारी से जानकारी प्राप्त करने हेतु नोटिस जारी किया गया है। इस जवाब की प्रतिलिपि डा. वीणा शर्मा को भी भेजी गई।
लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं आने पर स्वास्थ्य संचालनालय ने डा. वीणा शर्मा को अंतिम नोटिस जारी किया है कि वे अनिवार्यत: सात दिन के अंदर प्रतिनियुक्ति निरन्तर संबंधी आदेश उपलब्ध करायें अन्यथा उनकी सेवायें प्रतिनियुक्ति से वापस लिये जानेसंबंधी कार्यवाही एकपक्षीय रुप से की जायेगी।
 

Leave a Reply