लालू के लाल तेजप्रताप की जिद ने राजद की बढ़ाई मुश्किलें, जहानाबाद में किया रोड शो

पटना: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव परिवार और पार्टी के खिलाफ अब खुलकर बगावत करने पर उतर गए हैं। गुरुवार को वे अपने पसंद के प्रत्याशी चंद्रप्रकाश यादव के साथ जहानाबाद पहुंचे। उन्होंने कहा कि पार्टी में मेरी बात नहीं मानी गई। अपने प्रत्याशी चंद्रप्रकाश के साथ यहां पहुंचे तेजप्रताप ने कहा कि सुरेंद्र यादव लगातार चुनाव हार रहे थे। यहां के लोग स्थानीय की मांग कर रहे थे। मैंने स्थानीय और युवा को प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने यह भी कह कि मैं शिवहर में भी विरोध करूंगा।

बता दें कि तेजप्रताप ने अपने पसंद के दो उम्मीदवारों के लिए लोकसभा टिकट की मांग की थी, जिसे राजद की तरफ से कैंसिल कर दिया गया था। उसके बाद तेजप्रताप ने बगावती तेवर अपना लिया है और एलान किया है कि वो जहानाबाद और शिवहर लोकसभा क्षेत्र के लिए अपने दोनों प्रत्याशियों को निर्दलीय चुनाव मैदान में उतारेंगे और उनके लिए चुनाव प्रचार भी करेंगे।

इसी को लेकर तेजप्रताप यादव गुरुवार को जहानाबाद गये हैं। सबसे पहले उन्‍होंने स्‍वामी सहजानंद की प्रतिमा पर माल्‍यार्पण किया। तेजप्रताप का रोड शो जहानाबाद के अलावा घोषी और काको में भी होगा। गौरतलब है कि राजद ने तेजप्रताप की मांग को ठुकराते हुए इस सीट से सुरेंद्र यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है।
जहानाबाद से तेजप्रताप यादव ने आरजेडी उम्मीदवार के खिलाफ अपने उम्मीदवार को मैदान में उतारा है और उनका कहना है कि चंद्रप्रकाश यादव पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं और वो ही यहां से जीतेंगे।

तेजप्रताप ने सुरेंद्र यादव पर हमला बोलते हुए ये भी कहा कि वो तीन बार वहां से चुनाव हार चुके हैं, ऐसे में जहानाबाद से प्रत्याशी बदलना जरूरी था। तेजप्रताप के इस रोड शो पर सभी की नजर है, क्योंकि माना जा रहा है कि नए उम्मीदवार की घोषणा कर के ही तेजप्रताप ने राजद के साथ ही महागठबंधन की भी मुश्किलें बढ़ा दी है। इससे पहले तेजप्रताप बुधवार को मसौढ़ी में थे, जहां उन्होंने मीसा भारती के लिए चुनाव प्रचार किया।
 

Leave a Reply