लालू यादव से 5 घंटे मुलाकात के बाद तेजप्रताप यादव से जुड़े सवालों पर बिफरे तेजस्वी यादव

रांचीः आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव शनिवार को रांची रिम्स पहुंचे. उन्होंने लालू यादव से मुलाकात की. वहीं, उनके साथ उनकी बहन रागिनी और लालू यादव के दामाद राहुल भी मिलने पहुंचे थे. तेजस्वी यादव ने लालू यादव से यहां बंद कमरे में करीब 5 घंटे तक मुलाकात की. लेकिन तेजस्वी यादव जब मुलाकात के बाद रिम्स से बाहर आए तो मीडिया पर अपना गुस्सा दिखाया. वहीं, तेजप्रताप यादव से संबंधित किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया.
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव शनिवार को रिम्स में लालू यादव से मुलाकात की. वहीं, लालू यावद की बेटी रागिनी और दामाद राहुल भी मिलने आए थे. तेजस्वी यादव ने लालू यादव से कई मुद्दों पर करीब 5 घंटे तक बंद कमरे में मुलाकात की.
इतनी देर चली मुलाकात में साफ है कि तेजस्वी यादव परिवार से लेकर पार्टी और राजनीतिक विषय पर चर्चा हुई होगी. हालांकि तेजस्वी यादव जब रिम्स से बाहर निकले तो उन्होंने किसी भी सवाल का जवाब देना मुनासिब नहीं समझा. उल्टे वह मीडिया पर ही भड़क गए. बड़े भाई तेजप्रताप यादव के संबंध में पूछने पर वह बिफर गए. उन्होंने कहा कि केवल जनता से जुड़े ही सवाल पूछें.
तेजस्वी यादव ने कहा कि उनका शुक्रवार को जन्मदिन था इसलिए वह पिता लालू यादव से मिलने आए और उनका आर्शिवाद लिया. उसके बाद लालू यादव से बातचीत और तेजप्रताप से संबंधित बात पूछे जाने पर वह मीडिया पर गुस्सा हो गए. और परिवार से जुड़े सवालों का जवाब देने से मना कर दिया. साथ ही कहा कि परिवार में क्या हो रहा है उससे किसी को मतलब नहीं होना चाहिए.
आपको बता दें की तेजप्रताप यादव भी रांची में लालू यादव से मिलने पहुंचे थे. लेकिन लालू यादव से मुलाकात के बाद वह काफी गुस्से में दिखे और पटना लौट गए थे. उन्होंने कहा था कि पूरा परिवार मेरे खिलाफ साजिश रच रही है. पिता लालू यादव भी मेरा साथ नहीं दे रहे हैं.
वहीं, पटना पहुंचने के बाद भी वह घर नहीं पहुंचे. तेजप्रताप यादव करीब 3-4 दिन से घर नहीं आए हैं. हालांकि उन्हें खोजा जा रहा है साथ ही उन्होंने खुद ही कहा है कि वह घर तभी आएंगे जब उनके मां और पिता उनकी ऐश्वर्या से तलाक के लिए तैयार हो जाएंगे. वहीं, वह तेजस्वी यादव के जन्मदिन पर भी घर नहीं आए. लेकिन उन्हें फोन पर ही जन्मदिन की बधाई दी.
बहरहाल, तेजस्वी यादव कतई नहीं चाहते हैं कि मीडिया में तेजप्रताप यादव के बारे में बात की जाए. उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है कि तेजप्रताप यादव की वजह से उनकी सियासत बिगड़ रही है. वहीं, तेजप्रताप के परिवार के खिलाफ बयान देने के बाद से लालू परिवार की फजीहत भी बढ़ गई है. इसलिए तेजस्वी यादव बड़े भाई के बारे में बात नहीं करना चाहते हैं.
तेजस्वी यादव तलाक की बात सामने आने के बाद ही कह रहे हैं कि यह उनका घर का मामला है इसलिए केवल जनता से जुड़े सवाल पूछे जाएं. हालांकि तेजस्वी यादव शायद यह भूल रहे हैं कि तेजप्रताप यादव एक आरजेडी नेता और विधायक हैं.
