लुधियाना सेंट्रल जेल में पुलिस का सर्च आपरेशन जारी

लुधियाना। सेंट्रल जेल में कैदी हवालातियों के कब्जे से प्रतिबंधित मोबाइल फोन मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को सेंट्रल जेल में चले सर्च आपरेशन के दौरान पुलिस ने दो हवालातियों के कब्जे से 2 मोबाइल बरामद किए। इसके अलावा विभिन्न जगहों पर लावारिस हालत में पड़े 8 और फोन बरामद किए गए। अब थाना डिवीजन नंबर 7 की ताजपुर चौकी पुलिस ने दोनों हवालातियों तथा अज्ञात लाेगों के खिलाफ एक केस दर्ज करके छानबीन शुरू की है।

एएसआइ करनैल सिंह ने बताया कि दाेनों की पहचान सेंट्रल जेल में विचाराधीन कैदी सुखकिरन सिंह तथा जोगिंदर सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट सुखदेव सिंह की शिकायत पर उक्त केस दर्ज किया। पुलिस को भेजी रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि बुधवार पुलिस, जेल गार्द तथा सीआरपीएफ ने मिल कर सेंट्रल जेल की अलग अलग बैरकों में सर्च आपरेशन चलाया। उस दौरान दोनों हवालातियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन मिले। तबकि 8 मोबाइल फोन लावारिस हालत में पड़े मिले।

दूसरी ओर एक दिन पहले डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय ने माना है कि पंजाब की जेलें गैंगस्टरों आतंकियाें के लिए सेफ जाेन बन गई हैं। वहां बड़े स्तर पर कार्रवाई करने की जरूरत है। जेल में 14 हजार में आराम से मोबाइल फोन मिल जाता है। तस्कर अंदर बैठ कर ड्रग्ज रैकेट चला रहे है। उन्होंने कहा कि जेल मंत्री, गृह मंत्री, वो खुद और एडीजीपी जेल उन पर लगाम कसने के लिए लगातार बैठकें कर रहे हैं। जल्दी ही ठोस कार्रवाई की जाएगी। ताकि उन पर नकेल कसी जाए।

Leave a Reply