लैंडिंग से पहले धड़कनें तेज, प्रार्थना का माहौल

नई दिल्ली । जैसे-जैसे चंद्रयान-2 चांद की सतह के करीब पहुंच रहा है, वैसे-वैसे सभी की धड़कने तेज होने लगी हैं। देशभर में लोग इस वक्त विक्रम मॉड्यूल की सफल 'सॉफ्ट लैंडिंग  का इंतजार कर रहे हैं। शनिवार के शुरुआती घंटों में होने वाली इस लैंडिंग को लेकर इसरों के वैज्ञानिक भी इन दिनों प्रार्थना के मूड में हैं। वहीं दूसरी ओर दिग्गज वैज्ञानिक एम.अन्नादुरै का कहना है कि 2008 में भारत के पहले चंद्रयान मिशन की लॉन्चिंग का दिन भी काफी तनावभरा था। इसरो में मिशन से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, अब हर किसी का ध्यान लैंडर (विक्रम) में होने वाली गतिविधि पर टिका है। लिहाजा, मैं यही कहूंगा कि सफल सॉफ्ट-लैंडिंग के लिए सभी प्रार्थना करें। हाल ही में इसरो अध्यक्ष के सिवन ने कहा था कि अंतरिक्ष एजेंसी ने मिशन की सफलता के लिए मानवीय रूप से हर संभव प्रयास किया है। शीर्ष अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने भी सफलता को लेकर भरोसा जाहिर किया था। इस बीच अन्य दिग्गज वैज्ञानिक भी चंद्रयान-2 की लैंडिंग को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं। 

Leave a Reply