लोकल की चपेट में आने से सहायक डिविजनल अभियंता की मौत

कल्याण। मध्य रेलवे के कल्याण में कार्यरत सहायक डिविजनल ट्रैक अभियंता विमल कुमार राय (40) रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करने के दौरान एक लोकल की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
रेल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम कल्याण रेलवे स्टेशन पर कार्यरत सहायक डिविजनल अभियंता ट्रैक विमल राय ट्रैक का निरीक्षण कर रहे थे और जब वह दो रेलवे लाइन के बीच में स्थित नाले के पानी का निरीक्षण कर रहे थे तभी कल्याण की तरफ से मुंबई जा रही अप लोकल की चपेट में आकर वे गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के सहायक महामंत्री सुनील बेंडले ने बताया कि विमल कुमार राय झांसी के रहने वाले थे औऱ कल्याण में रहते थे. विमल राय अपने पीछे दो बेटे सौरभ (5), आर्यन (9 माह) औऱ पत्नी रश्मि (28) को छोड़ गये। उनके अकस्मात दर्दनाक मौत से रेलकर्मियों के बीच शोक का माहौल है।
