लोकसभा चुनाव 2019: टिकट कटने के बाद विजय सांपला के संपर्क में थी ‘आप’, पर नहीं बन पाई बात

टिकट कटने के बाद आम आदमी पार्टी केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला के संपर्क में थी। पार्टी ने उन्हें होशियारपुर से लड़ाने की पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन बात नहीं बनी। भाजपा ने होशियारपुर से सांसद सांपला का टिकट इस बार काट दिया था। पार्टी ने उनकी जगह फगवाड़ा से विधायक सोम प्रकाश को होशियारपुर से उम्मीदवार बनाया है। भाजपा द्वारा पंजाब के दोनों कैंडिडेट की सूची जारी करने के कुछ समय बाद ही सांपला ने इस पर नाराजगी जताई थी।

उन्होंने दिल्ली से ही अपने फेसबुक अकाउंट पर एक मैसेज पोस्ट किया था। जिसमें लिखा था कि पार्टी ने गो-हत्या कर दी है, कम से कम उन्हें यह तो बताया जाना चाहिए था कि उनका दोष क्या था। उन्होंने तो एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और सड़कें बनवाई हैं। उनके समर्थकों ने मौजूदा प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ भड़ास निकालना शुरू कर दिया था। जानकारी के मुताबिक आप पंजाब की कोर टीम भी इस पर नजर रखे हुए थी।

उन्होंने फौरन ही हाईकमान से बात की, जिसके बाद सांपला को लाने का फैसला किया गया। इसी दौरान पंजाब के एक सीनियर नेता सांपला के संपर्क में रहे। सूत्रों के मुताबिक होशियारपुर से पार्टी उम्मीदवार डॉ. रवजोत सिंह को अगले दिन नामांकन करना था, उसे भी टालने पर विचार किया गया। लेकिन फिर यह इरादा टाल दिया गया। उधर, सांपला के साथ भी पार्टी की बातचीत सिरे नहीं चढ़ सकी। संगरूर को छोड़ कर बाकी हलकों में पार्टी चुनावी जंग से बाहर है।

इसलिए प्रदेश नेतृत्व की कोशिश है कि अगर कहीं भी कोई मजबूत उम्मीदवार मिले तो उसे लाने की कोशिश की जाए। इसी कड़ी में फतेहगढ़ साहिब से उम्मीदवार बलजिंदर सिंह को वापस लेकर हरबंस कौर दूलो को टिकट दिया गया। पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रधान शमशेर सिंह दूलो पार्टी से टिकट मांग रहे थे, नहीं मिलने पर वह बगावत पर उतर आए थे। आप ने इसका फायदा उठाया और आननफानन में उनकी पत्नी को टिकट दे दी।

Leave a Reply