लोकसभा चुनाव-2019: RLTP के बेनीवाल के रोड शो पर टिकी हैं बीजेपी-कांग्रेस की नजरें

लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी और खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी में हुए गठबंधन के बाद बेनीवाल की ओर से आज किए जा रहे रोड शो पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. गठबंधन के तहत बीजेपी ने नागौर के अपने मौजूदा सांसद केन्द्रीय राज्यमंत्री सीआर चौधरी का टिकट काटकर यह सीट को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के लिए छोड़ी है. यहां से हनुमान बेनीवाल अपनी पार्टी के बैनर पर सांसद का चुनाव लड़ेंगे. बेनीवाल अन्य स्थानों पर बीजेपी के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे.
भीड़ जुटाने में माहिर हनुमान बेनीवाल सोमवार को कुचामन से नागौर तक रोड शो कर रहे हैं. बेनीवाल ने सुबह कुचामन से अपना रोड शो शुरू किया है. वे जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों को कवर करते हुए करीब 250 किलोमीटर का सफर तय करके नागौर पहुंचेंगे. बेनीवाल के इस रोड शो में सैंकड़ों की तादाद में वाहन और हजारों समर्थक शामिल हैं. जगह-जगह बेनीवाल का स्वागत-सत्कार का सिलसिला चल रहा है. रोड शो कुछ ही देर में नावां पहुंचेगा.

डॉ.ज्योति मिर्धा से है बेनीवाल का मुकाबला

नागौर में बेनीवाल का मुकाबला नागौर की पूर्व सांसद डॉ. ज्योति मिर्धा से होगा. मिर्धा का परिवार नागौर का बड़ा राजनीतिक परिवार है. ज्योति मिर्धा कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे नाथूराम मिर्धा की पोती है. उनकी राजनीतिक जड़ें काफी गहरी हैं.
बेनीवाल खींवसर से लगातार तीसरी बार विधायक हैं

बेनीवाल राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके हैं। उसके बाद से वे लगातार तीन बार से खींवसर से विधायक हैं. खींवसर सीट से बेनीवाल एक बार बीजेपी के टिकट पर और एक बार बतौर निर्दलीय जीत दर्ज करा चुके हैं. अब तीसरी बार वे अपनी पार्टी आरएलटीपी के बैनर पर जीते हैं. नागौर के बीजेपी कई नेताओं से बेनीवाल की सीधी लड़ाई रही है. लिहाजा गठबंधन के बाद बेनीवाल के रोड शो पर कांग्रेस के साथ-साथ बीजेपी के नेताओं की भी नजरें टिकी हुई हैं.
 

Leave a Reply