वसुंधरा राजे ने कांग्रेस के ‘न्याय’ पर कसा तंज, कहा- 60 साल से क्या कर रहे थे

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने लोकसभा चुनाव में पहली बार मानवेंद्र सिंह के खिलाफ बाड़मेर-जैसलमेर लोकसभा क्षेत्र में गुरुवार को चुनाव प्रचार किया. इस दौरान एक अजीबो गरीब वाक्या देखा गया, जिसमें वसुंधरा ने सीधे तौर पर मानवेंद्र सिंह को हराने के लिए अपने मुंह से एक शब्द भी नहीं निकाला, लेकिन चुनावी सभा में जैसे ही मानवेंद्र सिंह हराओ के नारे लगे तो वसुंधरा अपने भाषण के दौरान रुक गई और लोगों से बार-बार पूछने लगी कि ‘क्या बोल रहे हो आप क्या बोल रहे हो एक बार फिर से बोलना’.
बीजेपी प्रत्याशी कैलाश चौधरी के समर्थन में सिवाना विधानसभा के समदड़ी कस्बे में आयोजित चुनावी सभा को जब पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सभा को संबोधित करना शुरू किया तो, इस दौरान लोगों ने मानवेंद्र सिंह को हराओ के नारे लगाए फिर क्या वसुंधरा ने इस पर चुटकी लेते कहा की ‘क्या बोल रहे हो एक बार फिर से बोलना’, जिसके बाद राजे ने कहा की ‘आपने मन से बोला है और आप लोगों के मन में भी यह भावना अंत तक पहुंची हुई है मुझे इस बात की खुशी है’. इस दौरान वसुंधरा राजे ने अपने भाषण में कांग्रेस और राहुल गांधी के “अब होगा न्याय" पोस्टर को आड़े हाथों लेते हुए ऋण माफी ,रोजगार भत्ता सहित कई अन्य मुद्दों पर आड़े हाथों लिया.
वसुंधरा राजे कैलाश चौधरी के समर्थन में बाड़मेर जिले के सिवाना विधानसभा की समदड़ी कस्बे में चुनावी सभा करने के लिए पहुंची थी. इस दौरान वसुंधरा राजे ने कैलाश चौधरी के लिए लोगों से वोट मांगे लेकिन मानवेंद्र सिंह हराओ के नारे पूरी सभा के दौरान चर्चा का विषय रहे, क्योंकि वसुंधरा राजे ने अपने भाषण के दौरान मानवेंद्र सिंह को लेकर एक शब्द भी नहीं बोला. राजे ने अपनी सरकार द्वारा चलाई गई बाड़मेर जिले की पानी की योजनाओं के साथ ही भामाशाह योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला.
