वाईएआई सीनियर नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप-2020

भोपाल : कोरोना काल के बाद पहली बार मुंबई में याटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित वाईएआई सीनियर नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप-2020 में मध्य प्रदेश वाटर स्पोर्ट्स सेलिंग अकादमी की खिलाड़ी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश को तीन स्वर्ण और दो रजत पदक दिलाए हैं। विजेता खिलाड़ियों ने मंगलवार को टी.टी. नगर स्टेडियम में खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राज सिंधिया से मुलाकात की।
खिलाड़ी बेटियों पर गर्व
खेल और युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने सीनियर नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप में अकादमी की खिलाड़ियों द्वारा अर्जित स्वर्णिम सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है। उन्होंने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि कोरोना काल के बाद यह पहला अवसर है जब वाटर स्पोर्ट्स सेलिंग अकादमी की खिलाड़ी बेटियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और पदक जीतकर मध्य प्रदेश को गौरवान्वित किया। उन्होंने कहा कि संक्रमण काल में हमारी कोशिश रही कि हम अपने खिलाड़ियों का मनोबल बनाए रखें, मानसिक और शारीरिक तौर पर तैयार रहे। विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय तकनीकी प्रशिक्षकों, साइकोलॉजिस्ट आदि से निरंतर चर्चा कर न सिर्फ खिलाड़ियों का बल्कि प्रशिक्षकों को भी प्रशिक्षण दिया है। यह प्रक्रिया निरंतर चालू है।
इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
इंडियन नेवल वाटर मैनशिप ट्रेनिंग सेंटर मुंबई में पिछले दिनों याटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित सीनियर नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप के लेजर रेडियल इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अकादमी की स्टार खिलाड़ी हर्षिता तोमर ने मध्य प्रदेश को
स्वर्ण पदक दिलाया।
प्रतियोगिता के 49er Fx इवेंट में अकादमी की खिलाड़ी एकता यादव और रितिका दांगी की जोड़ी ने मध्य प्रदेश के लिए एक स्वर्ण पदक अर्जित किया। जबकि 470 मिक्सड क्लास इवेंट में अकादमी की खिलाड़ी श्रद्धा वर्मा और मुरैना के खिलाड़ी रवीन्द्र शर्मा की जोड़ी ने भी एक स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाया। इसी तरह प्रतियोगिता के 470 मिक्सड क्लास इवेंट में अकादमी की खिलाड़ी उमा चौहान और अकादमी के पूर्व खिलाड़ी डिंडोरी के सोनू जाटव की जोड़ी ने मध्य प्रदेश को रजत पदक दिलाया। जबकि दूसरा रजत पदक अकादमी की खिलाड़ी शीतल वर्मा और वंशिका परिहार की जोड़ी ने 49er Fx इवेंट में अर्जित किया। यहां उल्लेखनीय है कि सीनियर नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप में वाटर स्पोर्ट्स अकादमी की सात खिलाड़ी बालिकाओं ने भागीदारी की और सातों ने ही शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अर्जित किए हैं।
प्रदेश का मान बढ़ाया
संचालक खेल और युवा कल्याण श्री पवन कुमार जैन ने खिलाड़ियों के प्रतिभा प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि कोरोना काल के बाद पहली सीनियर नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप में वाटर स्पोर्ट्स अकादमी की बालिका खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण और दो रजत सहित पांच पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। चैम्पियनशिप में खिलाड़ियों ने वाटर स्पोर्ट्स सेलिंग अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक अर्जुन अवॉर्डी श्री जी. एल. यादव एवं सहायक प्रशिक्षक श्री अनिल शर्मा के मार्गदर्शन में हिस्सेदारी कर पदक अर्जित किए।
